• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. उपचुनाव परिणाम, भाजपा 2 और कांग्रेस, एलडीएफ 1-1 सीट जीते
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 27 सितम्बर 2019 (19:18 IST)

उपचुनाव परिणाम, भाजपा 2 और कांग्रेस, एलडीएफ 1-1 सीट जीते

by election results | उपचुनाव परिणाम, भाजपा 2 और कांग्रेस, एलडीएफ 1-1 सीट जीते
नई दिल्ली। चार राज्यों के विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दो सीटों पर विजयी रही वहीं कांग्रेस और एलडीएफ को एक-एक सीट पर जीती मिली।
 
भाजपा ने हमीरपुर और त्रिपुरा उपचुनाव में दोनों सीटों पर अपना कब्जा बरकरार रखा, लेकिन छत्तीसगढ़ की दंतेवाड़ा सीट पर उसे झटका लगा और वह इस सीट को नहीं बचा सकी।
 
भाजपा ने बरकरार रखी हमीरपुर सीट : उत्तर प्रदेश की हमीरपुर समेत तीन राज्यों की चार विधानसभा सीटों पर शुक्रवार को मतगणना शुरू हुई। हमीरपुर के सदर विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार युवराजसिंह ने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रत्याशी को 17 हजार 771 मतों से करारी शिकस्त दी। उपचुनाव परिणाम में बसपा के नौशाद अली तीसरे और कांग्रेस चौथे नंबर पर रही। भाजपा के युवराज को कुल 74 हजार 168 वोट मिले। वहीं सपा के मनोज कुमार प्रजापति को 56 हजार 397 वोट मिले।
 
भाजपा ने विधानसभा उपचुनाव में हमीरपुर सदर सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। हमीरपुर सदर से विधायक अशोकसिंह चंदेल की सदस्यता रद्द होने के बाद 23 सितंबर को उपचुनाव संपन्न हुआ था।
 
दंतेवाड़ा में देवती कर्मा विजयी : छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा विधानसभा उपचुनाव सीट से कांग्रेस की देवती कर्मा ने भाजपा की ओजस्वी मंडावी को 11 हजार से भी अधिक मतों से पराजित किया। दंतेवाड़ा के विधायक भीमा मंडावी की हत्या के बाद यह सीट रिक्त थी।
 
भाजपा ने उनकी पत्नी को उम्मीदवार बनाया, लेकिन वह जनता से सहानुभूति नहीं बटोर सकीं और उन्हें हार का सामना करना पड़ा। श्रीमती कर्मा को 50028 वोट मिले जबकि श्रीमती मंडावी को कुल 38836 वोट मिले। तीसरे नंबर पर भाकपा के भीमसेन मंडावी रहे। उन्हें 7664 वोट मिले।
 
त्रिपुरा में मजूमदार की जीत : त्रिपुरा की बदरघाट सीट से भाजपा की मिमी मजूमदार को विजयी हुई हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) उम्मीदवार बुलटी बिस्वास को 5260 मतों के अंतर से हराया। सुश्री मजूमदार को उपचुनाव में 20 हजार 471 वोट मिले जबकि माकपा प्रत्याशी विस्वास को 15211 वोट मिले। तीसरे स्थान पर कांग्रेस के उम्मीदवार रतन चन्द्र दास को 9101 वोट मिले। बदरघाट में 23 सितंबर को मतदान हुआ था।
 
पाली में एलडीएफ : केरल के पाली विधानसभा उपचुनाव में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की अगुवाई वाले लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) के उम्मीदवार मणि सी. कप्पन विजयी हुए हैं। कप्पन ने संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के उम्मीदवार टोम जोस पुलीक्कुन्नल को 2943 वोटों से शिकस्त दी। कप्पन को 54137 और जोस को 51194 वोट मिले। भाजपा के उम्मीदवार एन. हरी 18044 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।