शुक्रवार, 11 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Be prepared for all contingencies, Army chief tells troops
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 24 जनवरी 2020 (08:07 IST)

LOC पर जवानों से बोले सेना प्रमुख, किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार रहें

Army chief
जम्मू। सेना प्रमुख का कार्यभार संभालने के बाद जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने गुरुवार को पहली बार जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सैनिकों से मुलाकात की और परिचालन संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सेना के जवानों से हर चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहने के लिए कहा।
 
अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने यहां राजभवन में उपराज्यपाल जी सी मुर्मू से भी मुलाकात की और आंतरिक और बाहरी सुरक्षा के प्रभावी प्रबंधन, विशेष रूप से घुसपैठ के प्रयासों और वर्तमान में चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियानों से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की।
 
रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि नियंत्रण रेखा के दौरे के दौरान सेना प्रमुख के साथ उत्तरी कमान के जनरल-ऑफिसर-कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह भी थे। नरवणे को व्हाइट नाइट कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल हर्ष गुप्ता और कुछ कमांडरों ने जानकारी दी।
 
उन्होंने बताया कि सेना प्रमुख ने सैनिकों के साथ बातचीत की। उन्होंने सैनिकों की उनके कर्तव्यों के प्रति अटूट समर्पण और उच्च स्तर की उनकी दक्षता की सराहना की।
 
दिन में इससे पहले, सेना प्रमुख ने उधमपुर में उत्तरी कमान के मुख्यालय का दौरा किया जहां उन्हें लेफ्टिनेंट जनरल रणवीर सिंह ने नियंत्रण रेखा पर मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी दी।
 
प्रवक्ता ने कहा कि जनरल नरवणे ने दुश्मन द्वारा उत्पन्न चुनौतियों का सामना करने के लिए उत्तरी कमान द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की।