1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Another storm could hit Tamil Nadu after Cyclone Nivar: IMD

निवार के बाद तमिलनाडु पर मंडराया एक और तूफान का खतरा

Nivar
नई दिल्ली। तमिलनाडु में चक्रवाती तूफान निवार के दस्तक देने के एक सप्ताह से कम समय के अंदर दक्षिणी राज्य में एक और तूफान के आने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को यह जानकारी दी।
 
आईएमडी ने कहा कि यह तूफान 2 दिसंबर को श्रीलंका के समुद्र तट को पार करेगा और इससे तमिलनाडु तथा केरल में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है।
पिछले सप्ताह ‘बहुत भीषण चक्रवाती तूफान’ निवार तमिलनाडु के तट से टकराया था। राज्य में सुरक्षा उपायों के तहत करीब ढाई लाख लोगों को आश्रय शिविरों में ठहराया गया। तूफान से किसी की जान जाने की कोई खबर नहीं है।
 
आईएमडी ने संभावित तूफान के मद्देनजर तमिलनाडु और केरल के दक्षिणी इलाकों में ‘रेड-कलर कोडेड’ चेतावनी जारी की है और कहा है कि इन क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 
 
इस दौरान मछुआरों को 1 दिसंबर की रात से दक्षिण पूर्व तथा पास के लगे दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में तथा 2 दिसंबर से अगले 24 घंटे के लिए पूर्वी श्रीलंका के तटीय क्षेत्रों, कोमोरिन क्षेत्र, मन्नार की खाड़ी और तमिलनाडु-केरल के तटों के पास नहीं जाने की सलाह दी गयी है।

मौसम विभाग ने कहा कि जो लोग समुद्र में गए हैं, उन्हें 30 नवंबर तक तटों पर लौटने की सलाह दी जाती है। आईएमडी के अनुसार बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। 
 
आईएमडी ने कहा कि इसके अगले 24 घंटे में और गहरे दबाव में बदलने की संभावना है। यह चक्रवाती तूफान का आकार भी ले सकता है। 
आईएमडी के चक्रवात चेतावनी विभाग ने कहा कि यह 3 दिसंबर की सुबह करीब के पश्चिमी इलाकों की ओर बढ़ सकता है और उसके बाद कोमोरिन क्षेत्र में पहुंच सकता है। (भाषा)
अगला लेख
कुत्ते के साथ खेल रहे जो बाइडेन के पैर की हड्डी टूटी