शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. सामयिक
  2. मीडिया दुनिया
  3. मीडिया खबर
  4. Anurag Dikshit
Written By
Last Updated : मंगलवार, 9 सितम्बर 2014 (19:46 IST)

अनुराग दीक्षित को राष्ट्रीय मीडिया अवॉर्ड

अनुराग दीक्षित को राष्ट्रीय मीडिया अवॉर्ड - Anurag Dikshit
अनुराग दीक्षित की एक बड़ी पहचान लोकसभा टीवी से बनी है। अपनी लगन से उन्होंने लोक मंच को एक सम्मान दिया है। उनके परिचय में एक तमगा और जुड़ने पर उन्हें बधाई। -वर्तिका नन्दा, संपादक
 
शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर लोकसभा टीवी के एंकर अनुराग दीक्षित को दिल्ली के कांस्टीट्‍यूशन क्लब में आयोजित एक समारोह में ‘राष्ट्रीय मीडिया अवॉर्ड-2014’ से सम्मानित किया गया। अनुराग दीक्षित को यह सम्मान लोकसभा टीवी में करीब 7-8 वर्षों से प्रसारित होने वाले उनके कार्यक्रम ‘लोकमंच’ के लिए दिया गया है। गंभीर चर्चा के लिए मशहूर कार्यक्रम ‘लोकमंच’ को अनुराग बीते करीब 7-8 वर्षों से एंकर कर रहे हैं, जिसकी प्रशंसा वरिष्ठ मीडिया विश्लेषकों द्वारा पूर्व में भी की जा चुकी है। दीक्षित संसदीय विषयों पर लेख लिखते हैं। साथ ही मीडिया द्वारा संसदीय कवरेज पर शोध भी कर रहे हैं।
 
अखिल भारतीय पत्रकार संघ द्वारा इस 30वें डॉ. एस. राधाकृष्णन राष्ट्रीय मीडिया सम्मान का आयोजन किया गया। पिछले 29 वर्षों से पूर्व राष्ट्रपति डॉ एस. राधाकृष्णन की स्मृति में विभिन्न श्रेणियों में देश के वरिष्ठ पत्रकारों का यह सम्मान दिया जाता रहा है।
 
इस बार इस सम्मान के लिए दीक्षित के अलावा देशभर से जिन अन्य नामों का चयन हुआ, उनमें टाइम्स ऑफ इंडिया के जोसेफ बर्नाड, वरिष्ठ पत्रकार व लेखक शरद दत्त, हेडलाइंस टुडे के गौरव सावंत, एशियन एकेडमी के संदीप मारवाह प्रमुख हैं। अन्य श्रेणियों में सम्मानित होने वालों में एमटीवीरोडीज फेम रघुराम, मास्टर शेफ कुणाल कपूर आदि प्रमुख थे।
 
अनुराग दीक्षित के बारे में : अनुराग को मीडिया क्षेत्र में करीब 10 वर्षों का अनुभव है। वे लोकसभा टीवी के सबसे लोकप्रिय कार्यक्रम 'लोकमंच' की पिछले 7-8 वर्षों से एंकरिंग कर रहे हैं। केन्द्रीय बजट के लिए चैनल की कोलेजियम टीम का वर्षों से हिस्सा रहे दीक्षित रेल बजट पर भी विशेष कार्यक्रम प्रस्तुत कर चुके हैं। 
 
अनुराग उन चुनिंदा पत्रकारों में शामिल हैं, जो अधिकांश विधानसभा चुनावों को कवर कर चुके हैं। विभिन्न समाचार पत्रों में कार्य कर चुके अनुराग वर्तमान में 'लोकसभा का मीडिया कवरेज एवं जनमत पर उसका प्रभाव’ विषय पर पीएचडी भी कर रहे हैं।