कूनो से गायब चीता श्योपुर शहर की सड़कों पर दौड़ता दिखाई दिया, वीडियो वायरल
मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में स्थित कूनो नेशनल पार्क से एक नर चीता तीन दिन से लापता है। चीते के गायब होने के बाद कूनो से सटे गांवों में दहशत व्याप्त है। वन विभाग की टीमें उसे तलाश रही हैं। इधर, ये चीता श्योपुर शहर के बीचोंबीच आधी रात को विचरण करते देखा गया।
मंगलवार देर रात एक कार सवार इस चीते के पीछे-पीछे काफी दूर तक चला और इस दौरान वीडियो मोबाइल में कैद कर लिया। अब ये वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। यह नर चीता देंगदा और मोरडूंगरी के पास रविवार को पहुंचा था। मंगलवार को यही चीता देर रात को श्योपुर शहर के बीचोंबीच सड़क पर चहलकदमी करते देखा गया। श्योपुर कलेक्ट्रेट के जाने वाले रास्ते पर वीर सावरकर स्टेडियम के सामने चीते को घूमते देखा गया।
श्योपुर की सड़कों पर विचरण करता दिखा चीता, शायद #Christmas सेलिब्रेट करने निकला हो #viralvideo
— अनुराग (@VnsAnuTi) December 25, 2024
मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में एक चीता रात के समय सड़कों पर घूमता दिखा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह चीता कूनो नेशनल पार्क से छोड़ा गया 'अग्नि' बताया जा… pic.twitter.com/ZIU4oXNk59
बताया जाता है कि मंगलवार सुबह चीता मोर डूंगरी नदी में पानी पीने पहुंचा और फिर वापस उसी जगह पर लौट गया था। मध्यप्रदेश में कूनो नेशनल पार्क के खुले जंगल से निकलकर 90 किलोमीटर दूर श्योपुर के नजदीक पहुंचे चीते ने चार दिनों बाद शहर के रास्ते वापस जंगल की ओर रवानगी ले ली है। अब चीता वापस जंगल की ओर रुख कर गया है। बताया जा रहा है कि वह अब कूनो के बफर जोन में जा पहुंचा है।

