देवास : अमलतास इंस्टिट्यूट का डॉक्टर गिरफ्तार, चेकअप के बहाने नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप
बांगर स्थित अमलतास इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड हॉस्पिटल में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात हुए दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मीडिया खबरों के मुताबिक मंगलवार दोपहर को इस मेडिकल कॉलेज के डॉ. रूपम जैन ने होस्टल में 17 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म किया।
क्या था पूरा मामला
पीड़िता करीब डेढ़ महीने पहले माता-पिता के साथ डॉ. जैन से मिली थी। इसके बाद डॉक्टर ने मंगलवार को उसे चेकअप और काउंसलिंग के बहाने बुलाया था। पुलिस ने दुष्कर्मी डॉक्टर रूपम जैन को गिरफ्तार कर लिया है। अस्पताल ने डॉक्टर जैन और वार्डन रोशनी को बर्खास्त कर दिया है। डॉ. रूपम जैन ने 2 साल पहले भी आरडी गार्डी अस्पताल में ऐसी हरकत की थी। तब पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी किया था।
बदमाश ने की दुष्कर्म की कोशिश
दूसरे मामले में मंगलवार रात एक बदमाश एमबीबीएस छात्रा के कमरे में डक्ट के रास्ते घुसा। वह सो रही छात्रा के ऊपर बैठ गया और गले पर चाकू अड़ा दिया। बदमाश ने छात्रा के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। अज्ञात बदमाश की तलाश पुलिस कर रही है।
छात्रों ने की चक्काजाम की कोशिश
बुधवार को मेडिकल स्टूडेंट्स को दोनों वारदात के बारे में जानकारी लगी। इसके बाद मामले को लेकर उन्होंने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी अस्पताल संचालक को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। उन्होंने चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही बीएनपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। Edited by : Sudhir Sharma