अक्सर इसे समझने में भारतीय समाज भूल कर बैठता है यही वजह है कि निर्दोष रिश्ते भी कलंकित कर दिए जाते हैं। यहां तक कि प्लेटोनिक लव करने वाले खुद अपने रिश्ते को समझ नहीं पाते इसीलिए समाज को समझा नहीं पाते कि उन दो व्यक्तियों के बीच यह जो है वह रोमांस नहीं है। दैहिक आकर्षण से बना अनैतिक रिश्ता नहीं है। कुछ ऐसा है जिसमें कहीं किसी का कोई नुकसान नहीं है। यहां तक कि दो मन जो जुड़े हैं उनका भी एक-दूजे से कोई स्वार्थ नहीं है।
आज जबकि अनैतिक रिश्तों की एक अलग ही जमीन तैयार होती जा रही है ऐसे में प्लेटोनिक लव अपने अस्तित्व के लिए संघर्षरत है। यह अनाम, अबोला, अनूठा रिश्ता आज भी कहीं ना कहीं हर किसी के मन की क्यारी में नाजुक गुलाब सा महकता मिल जाएगा।
इस रिश्ते में मुख्य रूप से आदर, अपनापन, अनौपचारिकता और आकर्षण के रेशमी धागे इतनी कारीगरी से गुंथे होते हैं कि बिना नाम के ही इसकी खूबसूरती बनी रहती है। जहां इस रिश्ते को नाम देने की कोशिश की फिर तो बस नाम ही धरा रह जाता है रिश्ता पता नहीं कहां खो जाता है।
नामधारी रिश्ते में अपेक्षाएं होती है, स्वार्थ छुपा होता है इसीलिए जब प्लेटोनिक लव को नासमझी में महज प्यार समझ लिया जाता है वहां रिश्तों का बिखराव तय हो जाता है। यह खूबसूरत भाव कभी भी किसी के भी प्रति पनप सकता है। आपका कोई रिश्तेदार, दोस्त, परिचित या अजनबी वह कोई भी हो सकता है। बस, इस अलौकिक अनुभूति को पहचानना सीखिए।