Hanuman Chalisa
✕

बहुत रोया मेरे घर का अमरूद

जीवन के रंगमंच से...

Written By ND
Updated: रविवार, 8 नवंबर 2009 (15:15 IST)
शिवकुमार मिश्र 'रज्जन'
ND
हमारे घर के आँगन में लगा अमरूद का पेड़ पिछले कोई 30-35 साल से हमारे परिवार के पुरखे की तरह हम पर छाया तो करता ही है, हमें बड़े मीठे फल भी साल में दो बार बाँटता है। वह हमारे घर के सभी दुःख-सुखों का साक्षी है, बड़े से बड़े संकटों का साथी रहा है और घर में हुई चार शादियों में उसने अपनी शाखों के मंडप सजाए हैं। जी हाँ, घर की बिटिया बिदा हुई तब भी भर आए होंगे उसकी आँखों में आँसू, पर उसने उनकी डोली पर शुभकामनाओं के फूल भी बरसाए हैं। माता-पिता के नहीं रहने पर भी जरूर बहुत बहे थे उसके आँसू।

पर न जाने क्यों वह पिछले कोई एक महीने से लगातार आँसू बहा रहा है। एक दिन तो जब अनायास पड़ गया मेरा हाथ उस आँसू की लकीर पर तो कुछ पोंछे उसके आँसू मैंने धीरे से और रुककर पूछ लिया इसरार के साथ, 'क्यों रो रहा है तू बड़े दिनों से और चुप होता ही नहीं।' मुझे तेरी सिसकी भी सुनाई देती है आधी रात में जब कभी मेरी नींद खुल जाती है टूटे सपने के बाद। बता न अमरूद! कुछ तो कह दे इस रात के सन्नाटे में मुझसे अपने दिल की बात।"

अमरूद की नीची डाल ने मेरा कँधा छुआ और रोककर कहा आखिर, जो अनकहा था उसके मन में और जिस दर्द से घुट रहा था उसका दम भीतर ही भीतर। घर के सभी सोए थे गहरी नींद में पर शायद अमरूद पर रैन-बसेरा कर रहे कुछ पंछी अर्द्ध-निद्रा में उठे-से अमरूद की बातें सुनने लगे। शायद उन्हें तो उसके दर्द का कारण पहले से पता भी था, क्योंकि उनकी तो दो-चार पीढ़ियाँ उसी पर गुजरी थीं और वे स्वयं नए-नए पंख आने पर फुदकना और उड़ना उसी अमरूद की शाखों पर सीखे थे, जिनमें बहुत-सी अब सूख चुकी थीं। उन्हें तो अपना दाना-पानी भी वहीं मिल जाता था। कभी कच्चे-पक्के फल तो कभी छोटे-बड़े कीड़े-मकोड़े भी।

ND
अपना रोना कुछ रोककर बोला अमरूद, 'ये आसपास कितनी ऊँची दीवारें मुझसे लगभग सटाकर क्यों खड़ी की गई हैं? मुझे बित्ता भर भी नहीं मिल पाती धूप, केवल दुपहर में होती है मेरी मुलाकात मेरे पितामह सूरज से। देखते हो मेरी इन पत्तियों का रंग जो पूरा हरा भी नहीं हो पाता और दो-चार दिन में जर्द पड़ जाती हैं इनकी रगें? ये बेसमय क्यों सूख गई हैं दक्षिण-पश्चिम की शाखें, कभी सोचा भी है तुमने?

' ये आँगन के बीच खड़ी दीवार इन शाखों के सूखने का सीधा-सीधा कारण है। मात्र दो भाई हो तुम और फिर भी चाहिए आँगन की बाँट। आदमजात हो तुम, बहुत सोच-समझ का माद्दा दिया है तुम्हें प्रभु ने। देखा! क्या मिला आँगन बाँटकर, उसके साथ दिल में भी खड़ी हो गईं ऊँची दीवारें। मेरी तो दो-चार शाखें ही सूखी हैं बँटा हुआ आँगन देखकर, पर तुम्हारी संतानों का तो हमेशा के लिए टूटकर बिखर गया न खून का रिश्ता भी। इसी के लिए रोता हूँ अब बूढ़ा होकर।'

कुछ बोलते-बोलते रुका अमरूद तो उसका घाव और रिसने लगा। मैंने कुछ कहना चाहा अपने बचाव में तो पत्तों ने जैसे अपनी हथेलियों के इशारे से मना किया। ठीक उसी समय हल्का-सा एक हवा का झोंका भी आया और उसी के साथ बरसी हल्की-सी फुहार भी थोड़ी देर। अमरूद भी ठंडाकर कुछ शांत हुआ पर फुहार बंद होते ही फिर तोड़ा उसने मौन और फफककर रोते हुए कहने लगा, 'वो... वो तुमने ही लगाए थे मेरे ही साथ चार अंगूर के भी पौधे जिनकी बेलें काले अंगूरों के गुच्छों से लद जाती थीं। मेरे दाईं ओर था वो अंजीर का भी पेड़, जिस पर से 15-20 पके लाल-गुलाबी हुए अंजीर तुम रोज तोड़ लेते थे।

फिर हमारे बड़े भाई थे कुछ दूर ही सहजन (सैंजना), जिसकी मीठी फलियाँ सारे मोहल्ले में बाँटती थी तुम्हारी माँ, जिनके हाथ का ममताभरा स्पर्श मेरी शाखों पर कितने ही फूल खिला देता था। और उधर कोने में तुमने तो लाकर लगा दिया था एक आडू का पौधा भी। सोचा तो यह था शायद कि लगे इसमें फल इस मालवा की मिट्टी और आबोहवा में, पर 8-10 फुट का हुआ तभी से इसमें लग गए थे हरे-पीले-से आडू जो पकाने पर सुंदर रोएँदार मखमली से गुलाबी हो जाते थे।

वे सब इस आँगन के बँटते ही कैसे कटते-छँटते गए बेचारे और तुम देखते रहे खड़े-खड़े। अब बिलकुल अकेला हूँ और धूप-हवा तक को भी तरसता हूँ मैं, क्योंकि सीमेंट का जंगल खड़ा है मेरे चारों ओर।' ...तभी अमरूद पर बैठे रात का बसेरा करते पंछी भी आँसू बहाने लगे और मैं लिपट गया अमरूद के तने से अपने सगे भाई की तरह।

अब थमा है अमरूद का रोना और इन दिनों वह अपनी छाल के कपड़े बदल रहा है। पहन लिए हैं उसने नए सफेद-गुलाबी कपड़े और लगता है जैसे कोई रूठा हुआ बालक मेले में चलने का दिलासा पाकर नए वस्त्रों में सज रहा हो। हाँ, मैंने इतना भर कहा अमरूद से कि 'भले ही तुम्हारे संगी-साथी कितने ही कटे हों अब तक पर और कितने ही नए पेड़-पौधे लगाने के अपने व्रत में मैं निरंतर जुटा हूँ। न केवल लगाता हूँ नन्हे पौधे, उनकी रक्षा व पालन-पोषण भी कर रहा हूँ अपने पिछले गुनाहों का पश्चाताप करते हुए।

ND
तुम्हारे दिल से रिसती हुई यह पीर, अब और अधिक प्रेरक बन गई है मेरे लिए। वो जो अंगूर, अंजीर व सहजन आदि कटे-छँटे थे न मेरे हाथों से वो हाथ अब भले ही थके हैं, कमजोर हुए हैं पर मेरे पश्चाताप ने मुझे दी है अपार शक्ति और इतनी व्यापक सोच भी कि कोई आँगन अब मुझे नहीं लगता पराया। ठीक वैसे ही जैसे तुम्हें कभी कोई परिंदा या कोई बच्चा पराया नहीं लगा।'

मेरा प्यारा अमरूद अपने कपड़े बदलकर बिलकुल नए कपड़ों में सज रहा है। मुझे लगता है मेरे बच्चों की जीन्स व नई फैशन की कमीजों की तरह वह अपने नए रूप में ढलेगा और नए जमाने के साथ कदमताल करेगा। शायद मुझे भी कह रहा है अमरूद कि चलो पहन लो तुम भी जीन्स और साथ-साथ चलो नई पीढ़ी की बदलती सोच की राहों पर। पिछड़ो मत और जकड़े मत रहो भूत की बाहों में फँसकर।

Show comments

सभी देखें

मच्छर के काटने से खुजली क्यों होती है? जानें वैज्ञानिक कारण और उपचार

Health Tips: बॉड़ी में शुगर कम होने पर क्या-क्या परेशानियां होती हैं, जानें काम की बातें

हाथों और आंखों में छिपे हैं लिवर की बीमारी के संकेत! भूलकर भी न करें इन्हें नजरअंदाज

बारिश के मौसम में चाय के साथ बनाएं ये 5 परफेक्ट कॉम्बिनेशन वाले क्रिस्पी स्नैक्स, हर कोई करेगा तारीफ

समय रहते अगर हो जाए लक्षणों की पहचान, तो कैंसर जैसे रोगों का उपचार भी संभव

सभी देखें

रुकिए मत-आपकी कहानी अभी बाकी है, बस एक कदम और

इंदिरा गांधी जयंती: क्यों कहा जाता था उन्‍हें आयरन लेडी? जानिए उनसे जुड़ी खास बातें

महारानी लक्ष्मीबाई जयंती: जानिए उनके जीवन से जुड़ी खास बा‍तें

स्वाधीनता आन्दोलन में पली-बढ़ीं भारत रत्न इंदिरा गांधी!

रंगीली चिड़िया