श्रीलंकाई क्रिकेट में भूचाल, रणतुंगा को हटाया
मंगलवार को श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड में भारी उलटफेर किया गया। एक अप्रत्याशित घटनाक्रम में श्रीलंका क्रिकेट के अध्यक्ष अर्जुन रणतुंगा को कंपनी और खिलाड़ियों के साथ मिलकर काम नहीं करने के लिए पद से हटा दिया गया। उनकी अध्यक्षता वाली अंतरिम समिति भी तुरंत प्रभाव से बर्खास्त कर दी गई।खेल और लोक मनोरंजन मंत्री गामिनी लोकुगे ने श्रीलंका क्रिकेट की अंतरिम समिति को बर्खास्त करके आगामी सूचना तक मंत्रालय के सचिव एस लियानागामा को प्रभारी नियुक्त कर दिया। लोकुगे ने कहा रणतुंगा खिलाड़ियों या कंपनी के साथ मिलकर काम नहीं कर रहे थे। हमने मामला सुलझाने की कोशिश की लेकिन ऐसा हो नहीं सका। उन्हें पद से हटाना ही पड़ा। लोकुगे ने कहा मंत्रालय में मेरे स्थायी सचिव लियानागामा भावी सूचना तक प्रभारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि मौजूदा व्यवस्था एक या दो सप्ताह तक जारी रहेगी, जिसके बाद नई समिति का गठन किया जाएगा। जानकार सूत्रों के अनुसार श्रीलंकाई राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे ने रणतुंगा को बैठक के लिए बुलाया है। यह भी पता चला है कि रणतुंगा और लोकुगे का कुछ समय से मतभेद चल रहा है।