• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा

श्रीलंका ने की 20 लाख डॉलर की माँग

श्रीलंका ने 20 लाख डॉलर माँग
इस महीने के आखिर में श्रीलंका का दौरा करने की पाकिस्तान की कोशिशों पर पानी फिर सकता है क्योंकि श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने प्रस्तावित वनडे श्रृंखला के लिए 20 लाख डॉलर की माँग की है।

सूत्रों ने बताया कि दुबई के एक प्रमुख खेल चैनल ने विनिमय के आधार पर श्रृंखला के प्रसारण का भी प्रस्ताव रखा था। टेन स्पोर्ट्स ने प्रसारण अधिकार के बदले श्रृंखला की सारी लागत उठाने की पेशकश की थी, लेकिन श्रीलंकाई बोर्ड टीवी अधिकारों के लिए ही 20 लाख डॉलर माँग रहा है।

सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टीवी चैनल को सूचित कर दिया था कि वह इन मैचों को खेलने के लिए इनामी राशि के अलावा पाँच से सात लाख डॉलर की अपीयरेंस फीस से संतोष कर लेगा।

सूत्र ने कहा लेकिन श्रीलंकाई इस बात पर अड़े हैं कि चैनल प्रसारण अधिकार के 20 लाख डॉलर चुकाए। दक्षिण अफ्रीका में त्रिकोणीय श्रृंखला खेलने की अपनी कोशिशें नाकाम होने के बाद पाकिस्तान श्रीलंका में एक श्रृंखला के आयोजन की कोशिश में लगा है।

सूत्र ने कहा चैनल और श्रीलंकाई बोर्ड श्रृंखला के नियम और शर्तों पर अंतिम बातचीत आज करेंगे, लेकिन यदि श्रीलंका अपनी माँग पर अड़ा रहा तो यह श्रृंखला नहीं हो पाएगी।

उन्होंने कहा कि चैनल ने साफ तौर पर कह दिया है कि वह श्रृंखला के आयोजन पर 35 लाख डॉलर खर्च करने को तैयार है, जिसमें लागत समेत तमाम व्यय होंगे। उसके लिए श्रीलंका की 20 लाख डॉलर की माँग पूरी करना संभव नहीं है।