धोनी ने लिया कॉलेज में दाखिला
क्रिकेट के मैदान पर अपना जौहर दिखाने के बाद भारतीय वनडे टीम के कप्तान महेंद्रसिंह धोनी ने वाणिज्य स्नातक की पढ़ाई के लिए सेंट स्टीफन कॉलेज में दाखिला ले लिया है।हालाँकि इस मौके पर धोनी स्वयं मौजूद नहीं थे, बल्कि उनकी बहन और बहनोई ने प्रवेश की औपचारिकताएँ पूरी की। कॉलेज के सूत्रों ने बताया धोनी ने कक्षाओं में मौजूद रहने से छूट की अनुमति माँगी है। एक अधिकारी ने बताया धोनी को यह छूट दिए जाने के बारे में कॉलेज प्रबंधन विचार करेगा। हालाँकि कॉलेज के छात्र एवं शिक्षक सभी कप्तान के दाखिले को लेकर काफी उत्साहित हैं। प्रथम वर्ष के एक छात्र ने कहा वाकई यह हमारे लिए गर्व की बात है। अब हम धोनी से कॉलेज में भी मिल सकते हैं। एक अन्य छात्र का कहना था धोनी का सहपाठी बनकर हमें काफी खुशी हो रही है। हमारे कॉलेज की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनेगी। पिछले दिनों अपने घर आए धोनी ने कॉलेज के प्राचार्य निकोलस टेटे से मुलाकात कर स्नातक में प्रवेश लेने की इच्छा जाहिर की थी। टेटे ने धोनी के इस आग्रह को स्वीकार करते हुए खेल कोटा के तहत उन्हें प्रवेश देने की अनुमति दी।भारतीय कप्तान के प्रवेश लेने से उत्साहित कॉलेज के पत्रकारिता विभाग के प्रमुख वाल्टर वेंग्रा ने कहा शिक्षक दिवस पर यह हमारे लिए सबसे बड़ा तोहफा है। स्नातक की पढ़ाई के लिए अपना कॉलेज चुने जाने पर हम धोनी का शुक्रिया अदा करते हैं।