dipawali
Fri, 30 Oct 2026

Notifications

  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Virat Kohli, KL Rahul, India-Sri Lanka Test Series

विराट बोले, अंतिम एकादश में उतरेंगे केएल राहुल

Virat Kohli
कोलंबो। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट की पूर्व संध्या पर बुधवार को स्पष्ट कर दिया कि ओपनर लोकेश राहुल इस मैच के लिए अंतिम एकादश में लौटेंगे और एक ओपनर को बाहर जाना होगा।
        
विराट ने टीम संयोजन को लेकर पूछे जाने और खासतौर पर राहुल के खेलने की संभावना पर कहा देखिए राहुल एक स्थापित ओपनर हैं जिन्होंने पिछले दो वर्षों में भारतीय टीम के लिए काफी अच्छा प्रदर्शन किया। अंतिम एकादश के लिए जहां तक मेरा मानना है राहुल एकादश में आ रहे हैं।
        
कप्तान ने कहा राहुल के लिए  दोनों ओपनरों शिखर धवन और अभिनव मुकुंद में से एक को जगह बनानी होगी। राहुल ने जिस तरह का प्रदर्शन पिछले दो वर्षों में किया है उससे वह वापसी करने और नई शुरुआत करने के हकदार हैं। 
 
उल्लेखनीय है कि शिखर ने गाले में पहले टेस्ट में 190 रन बनाए  थे जबकि दूसरे ओपनर मुकुंद ने दूसरी पारी में 81 बनाए  थे। कप्तान के इस बयान के बाद पूरी संभावना है कि मुकुंद दूसरे टेस्ट में बाहर बैठेंगे।
        
विराट ने साथ ही कहा किसी भी मैच से पहले हम अपने 12 खिलाड़ी तय कर लेते हैं और विकेट देखने के बाद ही एकादश तय की जाती है। मैच की सुबह विकेट देखने के बाद ही हम एकादश का अंतिम फैसला करेंगे, लेकिन इतना निश्चित है कि राहुल इस मैच में खेलेंगे। राहुल गाले टेस्ट से पहले बुखार होने से मैच में नहीं खेल पाए थे लेकिन पिछले दो तीन दिनों में उन्होंने टीम के साथ अभ्यास किया है और वे पूरी तरह फिट हैं।
 
दूसरे टेस्ट के विकेट के लिए विराट ने कहा, हमने विकेट कल देखा था लेकिन आज नहीं देखा है। यह काफी अच्छा और ठोस विकेट दिखाई दे रहा है जिस पर परिणाम निकल सकता है। हमें इस तरह के विकेट का ही इंतजार था। यह टेस्ट मैच के लिए  एक शानदार विकेट है।
        
चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव के खेलने की संभावना पर कप्तान ने कहा, यह विकेट सूखा दिखाई दे रहा है जिस पर काफी घास भी है। मुझे नहीं पता कि आपने कौनसा विकेट देखा है जिसके चलते आप कुलदीप की संभावना के बारे में पूछ रहे हैं। हम एक दिन पहले कुछ घोषित नहीं करते। बातचीत चलती रहती है और विपक्षी टीम के लिए कुछ चौंकाने वाला तत्व मौजूद रहना चाहिए।
        
विराट ने साथ ही कहा, सभी संभावनाएं मौजूद हैं। हमारे सभी खिलाड़ी उतरने के लिए  तैयार हैं, लेकिन कोई अंतिम फैसला मैच की सुबह विकेट देखने के बाद ही होगा। हम एक दिन पहले अपने एकादश घोषित नहीं करेंगे। (वार्ता)  
ये भी पढ़ें
उसेन बोल्ट ने चेताया, तब खत्म हो जाएगी एथलेटिक्स...