ramcharitmanas
✕

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम का चयन, अश्विन पर निगाहें

Updated: शनिवार, 9 सितम्बर 2017 (23:54 IST)
नई दिल्ली। राष्ट्रीय चयन समिति ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले पहले तीन वनडे के लिए कल टीम का चयन करेगी और इसमें फैसला किया जाएगा कि रविचंद्रन अश्विन को काउंटी चैम्पियनशिप को बीच में छोड़कर बुलाया जाए या नहीं।
 
अश्विन इस समय इंग्लिश काउंटी के लिए डिवीजन दो में वारेस्टरशर के लिए खेल रहे हैं और उनका अनुबंध चार मैचों का है जिसमें से अभी तक दो ही मैच हुए हैं। अश्विन को अब 12 से 15 सितंबर तक लिसेस्टरशर के खिलाफ घरेलू मैच खेलना है और अंतिम मैच 25 से 28 सितंबर तक डरहम के खिलाफ होगा।
 
अगर अश्विन को इन दोनों मैचों में खेलने के लिए अनुमति दी जाती है तो वह आस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे मैचों के लिए उपलब्ध नहीं हो पाएंगे। अक्षर पटेल और युजवेंद्र चाहल अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं तो चयनकर्ता अश्विन को काउंटी मैच अनुभव पूरा करने की अनुमति दे सकते हैं।
 
चयन मामलों की जानकारी रखने वाले बीसीसीआई के अधिकारी ने आज पीटीआई से कहा कि अश्विन को वारेस्टरशर के लिए चार मैचों का अनुबंध मिला है और अगर उसे दो ही मैचों के बाद बुला लिया जाता है तो उसे काउंटी में उचित अनुभव हासिल करने का उद्देश्य पूरा नहीं हो पाएगा। टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं ने फैसला किया था कि उन्हें काउंटी क्रिकेट में खेलना चाहिए। 
 
टीम चयन में किसी हैरानी भरे बड़े फैसले की उम्मीद नहीं है लेकिन अगले तीन महीनों में 23 अंतरराष्ट्रीय मैचों (11 वन-डे, नौ टी-20 अंतरराष्ट्रीय और तीन टेस्ट) को ध्यान में रखते हुए चयनकर्ता टीम प्रबंधन के साथ मिलकर देखेंगे कि गेंदबाजी इकाई -तेज गेंदबाज और स्पिनरों- पर कितना भार पड़ेगा।
 
भुवनेश्वर कुमार या जसप्रीत बुमरा को अगर आराम दिया जाता है तो यह दिलचस्प होगा और इनकी जगह उमेश यादव या मोहम्मद शमी को पहले तीन मैचों के लिए बुलाया जाए। बल्लेबाजी लाइन-अप सटीक दिखता है जिसमें सभी शीर्ष खिलाड़ियों- कप्तान विराट कोहली, उप कप्तान रोहित शर्मा, शिखर धवन, लोकेश राहुल, केदार जाधव, महेंद्रसिंह धोनी का चयन तय है। 
 
हार्दिक पंड्या के ऑलराउंडर के तौर पर चुने जाने की उम्मीद है। चयन बैठक कांफ्रेंस काल के जरिए होने की उम्मीद है क्योंकि चेयरमैन एमएसके प्रसाद और देवांग गांधी लखनऊ में दलीप ट्रॉफी मैच देख रहे हैं जबकि सरनदीप सिंह दिल्ली में हैं।  (भाषा)
Show comments

सभी देखें

गेम शो होस्ट करते करते वनडे क्रिकेट खेलने वाले पहले बल्लेबाज बनेंगे रोहित शर्मा

सर्वाधिक हॉकी मैच खेलने वाली पहली महिला हॉकी खिलाड़ी बनी गोलकीपर सविता

मुश्किल में मोहम्मद रिजवान, सट्टे और फिक्सिंग के लगे संगीन आरोप

Asian Games के लिए भारत ने 503 खिलाड़ियों पर खर्चे 702 करोड़ रुपए

लंबी पारी नहीं खेल पाते रोहित शर्मा, Ex GF सोफिया हयात ने दिया बयान (Video)

अगला लेख