आईपीएल में अंक तालिका तेजी से बदल सकती है : भाटिया
नई दिल्ली। राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के ऑलराउंडर रजत भाटिया ने दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ गुरुवार रात यहां 7 विकेट की जीत का श्रेय गेंदबाजों और समझदारीभरी बल्लेबाजी को देते हुए कहा कि उनकी टीम अब भी प्लेऑफ में जगह बना सकती है, क्योंकि आईपीएल में अंक तालिका तेजी से बदलती है।
भाटिया ने मैच के बाद कहा कि टी-20 में कुछ भी हो सकता है। आप इसका अनुमान नहीं लगा सकते हो। ऐसा मुंबई इंडियंस के साथ (2015 में) हुआ था और ऐसा हमारे साथ भी हो सकता है। अंक तालिका तेजी से बदल सकती है। हम अभी केवल एक समय में एक मैच पर ध्यान दे रहे हैं। हम आगे के बारे में सोचने के बजाय जो मैच सामने है, उस पर ध्यान दे रहे हैं।
पुणे की 9 मैचों में तीसरी जीत है और उसके अब 6 अंक हैं। उसे प्लेऑफ में पहुंचने के लिए आगे के अपने सभी मैचों में जीत दर्ज करना होगी।
भाटिया ने 4 ओवरों में 22 रन देकर 2 विकेट लिए और पुणे की जीत में अहम भूमिका निभाई। दिल्ली इससे 7 विकेट पर 162 रन ही बना पाई। सुपरजाइंट्स ने बाद में अजिंक्य रहाणे की नाबाद 63 रनों की पारी और उनकी 3 उपयोगी साझेदारियों की मदद से जीत दर्ज की।
रणजी ट्रॉफी में लंबे समय तक दिल्ली की तरफ से खेलने वाले भाटिया ने कहा कि उन्होंने नियमित अंतराल में विकेट गंवाए। 2-3 खिलाड़ियों के रन आउट होने से वे अचानक बैकफुट पर चले गए। मुझे लगता है कि उन्होंने 20 रन कम बनाए।
उन्होंने कहा कि मैं यहां (फिरोजशाह कोटला) में कई वर्षों तक खेला हूं और मैं जानता था कि विकेट बहुत अच्छा है। उनकी पारी समाप्त होने के बाद हमने सोचा कि यदि हम समझदारी से बल्लेबाजी करते हैं तो आसानी से लक्ष्य हासिल कर लेंगे। और आखिर में ऐसा ही हुआ।
पुणे की टीम चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रही है। उसके 4 प्रमुख खिलाड़ी केविन पीटरसन, फाफ डु प्लेसिस, स्टीवन स्मिथ और मिशेल मार्श स्वदेश लौट चुके हैं। उनकी जगह टीम में उस्मान ख्वाजा और जॉर्ज बेली शामिल किए गए हैं। ख्वाजा ने गुरुवार को 30 रन बनाए और रहाणे के साथ पहले विकेट के लिए 59 रन जोड़कर टीम को ठोस शुरुआत दिलाई।
भाटिया ने कहा कि उस्मान और बेली दोनों जानते हैं कि क्या करना है। वे पहली बार टी-20 नहीं खेल रहे हैं। उस्मान अपने देश के लिए खेल रहे हैं और हाल में विश्व टी-20 में भी खेले थे। वे बेहतरीन बल्लेबाज हैं। उन्होंने अपनी भूमिका निभाई और यह महत्वपूर्ण बात थी। (भाषा)