• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Mahendra Singh Dhoni, Lungi Dance
Written By
Last Modified: शुक्रवार, 19 मई 2017 (17:36 IST)

'लुंगी डांस' करते नज़र आएंगे धोनी

'लुंगी डांस' करते नज़र आएंगे धोनी - Mahendra Singh Dhoni, Lungi Dance
नई दिल्ली। पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक बेहतरीन खिलाड़ी और जबरदस्त फिनिशर माने जाते हैं लेकिन वे जल्द ही प्रशंसकों को 'लुंगी डांस' कर अपनी इस छिपी हुई प्रतिभा से भी रूबरू कराएंगे।
         
आईपीएल में अपनी टीम राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स को पहली बार फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाले धोनी दरअसल एक विज्ञापन में मशहूर डांसर एवं अभिनेता प्रभु देवा के साथ दिखाई देंगे जिसमें वे दक्षिण भारत शैली में लुंगी पहनकर थिरक रहे हैं। 
         
इस विज्ञापन में धोनी ने सुनहरे रंग की कमीज़ और सुनहरे बार्डर वाली सफेद रंग की पारंपरिक लुंगी पहनी है। इसके अलावा क्रिकेटर ने गोल्डन घड़ी भी पहनी है और वह इस अवतार में पूरी तरह दक्षिण भारतीय लग रहे हैं। रांची के रहने वाले धोनी और प्रभु ने इस विज्ञापन में रजनीकांत स्टाइल के कुछ डांस एक्शन भी दिखाए हैं।
         
मैदान पर बेहद शांत रहने वाले धोनी को नाचते हुए देखना उनके प्रशंसकों के लिए  निश्चित ही एक अलग अनुभव होगा। इससे पहले विकेटकीपर बल्लेबाज को पुणे टीम के एक विज्ञापन में भी डांस करते हुए  देखा गया था लेकिन इस बार लुंगी पहनकर डांस उनका एक अलग ही अंदाज होगा।
         
भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ चुके धोनी आज भी अपने अनुभव और जबरदस्त क्रिकेट समझ के लिए  क्रिकेट प्रेमियों में मशहूर हैं और मैदान पर उनके शॉट्स के साथ-साथ बाइक के शौक, अलग-अलग हेयरस्टाइल, उनके व्यक्तिगत जीवन से जुड़े पहलू भी उनके प्रशंसकों में चर्चा का विषय रहते हैं। 
         
आईपीएल के 10वें संस्करण में सातवीं बार फाइनल खेलना भी धोनी के लिए उपलब्धि है और यदि वे पहली बार पुणे को चैंपियन बनाने में भूमिका अदा करते हैं तो फिर उम्मीद है कि मैदान पर भी उनके प्रशंसकों को उनका लुंगी डांस देखने को मिल जाए। आईपीएल-10 का फाइनल 21 मई को हैदराबाद में होना है। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
'चैंपियंस ट्रॉफी' में अहम होगी धोनी की भूमिका : सचिन तेंदुलकर