• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. India-Zimbabwe third t 20 match, cricket news
Written By
Last Updated : बुधवार, 22 जून 2016 (21:57 IST)

रोमांचक पलों में भारत ने जिम्बाब्वे से टी-20 सीरीज भी जीती

रोमांचक पलों में भारत ने जिम्बाब्वे से टी-20 सीरीज भी जीती - India-Zimbabwe third t 20 match, cricket news
हरारे। केदार जाधव के करियर के पहले अर्धशतक की बदौलत भारत ने आज यहां उतार-चढ़ाव वाले तीसरे और निर्णायक ट्वेंटी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में जिम्बाब्वे को तीन रन से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला 2-1 से जीती। पहले बल्लेबाजी का न्यौता पाने वाले भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। एक समय उसका स्कोर तीन विकेट पर 27 रन था लेकिन जाधव के 42 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से बनाए  गए  58 रन और आखिरी तीन ओवरों में 43 रन जुटाने से वह छह विकेट पर 138 रन का सम्मानजनक स्कोर बनाने में सफल रहा। जिम्बाब्वे की तरफ से डोनाल्ड टिरिपानो सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 20 रन देकर तीन विकेट लिए, जो उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है। 
जिम्बाब्वे ने वुसी सिबांडा (28), पीटर मूर (26) और टिमिसेन मारूमा (23) की तेजतर्रार पारियों से आखिरी गेंद तक मैच को रोमांचक बनाए रखा लेकिन आखिर में उसकी टीम छह विकेट पर 135 रन ही बना पाई और इस तरह से भारत ने वनडे श्रृंखला में 'क्लीन स्वीप' करने के बाद टी20 श्रृंखला भी अपने नाम करके इस संक्षिप्त दौरे का अंत किया। आखिरी ओवर में हालांकि मैच रोमांचक बन गया था। 
 
जिम्बाब्वे को इस ओवर में 21 रन की दरकार थी। पिछले मैच के नायक बरिदंर सरन के पहली दो गेंदों पर ही 12 रन चले गए। मारूमा ने उनकी पहली गेंद पर छक्का जड़ा। दूसरी गेंद वाइड गई जबकि अगली गेंद नोबॉल हो गई, जिसमें चौका लगा। पांचवीं गेंद पर एल्टन चिगुंबुरा  (16) ने चौका लगाया। अब अंतिम गेंद पर चार रन की दरकार थी लेकिन चिगुंबुरा ने कवर पर कैच थमा दिया।
 
लेकिन मूर ने आते ही भारतीयों की धड़कने बढ़ा दी। उन्होंने आते ही यजुवेंद्र चाहल पर छक्का लगाया और इसी लेग स्पिनर के अगले ओवर में दो और छक्के जड़े। आखिर में जश्न मनाने का मौका चाहल को मिला जिन्होंने मूर को मनदीप सिंह के हाथों कैच कराया। जिम्बाब्वे को आखिरी तीन ओवर में 35 रन चाहिए थे लेकिन उसने मैलकम वालेर (10) का विकेट गंवा दिया। मारूमा (23) ने आखिरी ओवर में मैच जीवंत करने से पहले जसप्रीत बुमरा पर छक्का लगाकर जिम्बाब्वे के दर्शकों को उत्साहित किया था। 
 
इससे पूर्व भारत को दौरे में पहली बार पहले बल्लेबाजी का मौका मिला लेकिन जिम्बाब्वे ने उसका शीर्ष क्रम झकझोर कर पहले क्षेत्ररक्षण के अपने फैसले को सही साबित कर दिया। मनदीप सिंह (4), बेहतरीन फार्म में चल रहे केएल राहुल (22) और मनीष पांडे (0) पहले पांच ओवर के अंदर ही पैवेलियन में विराजमान हो गए थे। स्कोर था यह पहला अवसर है जबकि भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पावर-प्ले में तीन विकेट गंवाए।
 
जिम्बाब्वे ने शुरू में कसी हुई गेंदबाजी की। पहले दो ओवरों में केवल चार रन बने। राहुल ने टेंडाई चतारा के अगले ओवर में दो चौकों और एक छक्के की मदद से 16 रन बटोरे। टिरिपानो ने हालांकि अपने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर मनदीप को आउट कर दिया। टिमिसेन मारूमा ने उनका खूबसूरत कैच लपका। राहुल ने पहले बदलाव के रूप में आए  नेविल मादजिवा की गेंद अपने स्टंप पर खेली जबकि नए  बल्लेबाज मनीष पांडे तेजी से रन लेने के प्रयास में रन आउट हो गए।
 
रिकार्ड 324वें मैच में भारतीय कप्तानी कर रहे महेंद्र सिंह धोनी 13 गेंद पर केवल नौ रन बना पाए। टिरिपानो ने अपने दूसरे स्पैल की दूसरी गेंद पर ही उन्हें बोल्ड कर दिया। धोनी नीची रहती गेंद को नहीं समझ पाए जो उनके बल्ले को चूमकर विकेटों में समा गयी। यही नहीं,  एक गिल्ली उछलकर धोनी के चेहरे पर लग गई थी। 
 
जाधव 17वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का जड़कर भारतीय स्कोर तिहरे अंक में पहुंचाया। उन्होंने चतारा के इसी ओवर की आखिरी दो गेंदों पर लगातार दो चौके जड़कर 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। टिरिपानो ने उन्हें लांग ऑन पर आसान कैच देने के लिए मजबूर किया। अक्षर पटेल (नाबाद 20) ने पारी के आखिरी ओवर में मादजिवा पर छक्का जड़ा। (भाषा)
ये भी पढ़ें
वन-डे की तुलना में टी-20 से अधिक सीखने को मिला : धोनी