• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. India-West Indies T20 Cricket match live
Written By
Last Updated : शनिवार, 27 अगस्त 2016 (23:51 IST)

रोमांचक टी-20 मैच में 1 रन से हारा भारत

रोमांचक टी-20 मैच में 1 रन से हारा भारत - India-West Indies T20 Cricket match live
फोर्ट लोडरडेल। लोकेश राहुल के टी20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास के दूसरे सबसे तेज शतक के बावजूद भारत को एविन लुईस के पांचवें सबसे तेज शतक के कारण शनिवार को यहां रनों की बरसात के बीच रोमांच की पराकाष्ठा पर पहुंचे पहले टी20 एकदिवसीय मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ एक रन से शिकस्त का सामना करना पड़ा।
अपना सिर्फ चौथा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे राहुल ने 51 गेंद में पांच छक्कों और 12 चौकों की मदद से नाबाद 110 रन की पारी खेलने के अलावा रोहित शर्मा (62) के साथ तीसरे विकेट के लिए 89 और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (43) के साथ चौथे विकेट के लिए 107 रन की साझेदारी की लेकिन इसके बावजूद वेस्टइंडीज के 246 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम चार विकेट पर 244 रन ही बना सकी और एक रन से मैच हार गई। राहुल ने सिर्फ 46 गेंद में शतक पूरा किया।
 
इससे पहले अपना दूसरा टी20 मैच खेल रहे लुईस ने सिर्फ 49 गेंद में पांच चौकों और नौ छक्कों की मदद से 100 रन की पारी खेलने के अलावा चार्ल्स (79) के साथ 9.3 ओवर में पहले विकेट के लिए 126 जोड़े जिससे टीम ने रिकॉर्ड छह विकेट पर 245 रन बनाए। लुईस ने आंद्रे रसेल (22) के साथ दूसरे विकेट के लिए 78 रन की साझेदारी भी की। लुईस ने 48 गेंद में शतक पूरा किया लेकिन वह न्यूजीलैंड के रिचर्ड लेवी (45 गेंद) का सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए। चार्ल्स ने 33 गेंद का सामना करते हुए सात छक्के और छह चौके लगाए। रविवार को दूसरा मैच इसी मैदान पर खेल जाएगा।
 
वेस्टइंडीज का टी20 क्रिकेट में यह सर्वाधिक स्कोर है। यह भारत के खिलाफ भी सर्वाधिक स्कोर है। वेस्टइंडीज का पिछला सर्वाधिक स्कोर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ छह विकेट पर 236 रन था जो उसने जनवरी 2015 में जोहानसबर्ग में बनाया था। टीम एक समय 11 ओवर में एक विकेट पर 164 रन बनाकर बेहद मजबूत स्थिति में थी लेकिन अंतिम नौ ओवर में 81 रन ही बना सकी। 
 
वेस्टइंडीज की पारी में 21 छक्के और 13 चौके लगे यानी 178 रन बाउंड्री से बने। यह किसी टी20 मैच की पारी में सर्वाधिक छक्कों का रिकॉर्ड है। इससे पहले नीदरलैंड ने 2014 में आयरलैंड के खिलाफ पारी में 19 छक्के मारे थे। इसी मैच में कुल 30 छक्के लगे थे जो रिकॉर्ड आज टूट गया। भारत ने भी 11 छक्के मारे जिससे मैच में कुल 32 छक्के लगे। भारत ने 22 चौके भी जड़े। 
 
भारत के सभी गेंदबाज काफी महंगे साबित हुए। रविंद्र जडेजा ने 39 जबकि जसप्रीत बुमराह ने 47 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरे भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पारी की शुरुआत करने उतरे अजिंक्य रहाणे (7) का आंद्रे रसेल की गेंद पर थर्ड मैन पर ड्वेन ब्रावो ने शानदार कैच लपका। दूसरे सलामी बल्लेबाज रोहित हालांकि लय में दिखे। उन्होंने लेग स्पिनर सैमुअल बद्री के ओवर में तीन चौके मारे। विराट कोहली (16) ने भी बद्री पर दो चौके मारे लेकिन ब्रावो की गेंद पर विकेटकीपर आंद्रे फ्लेचर को कैच दे बैठे।
 
राहुल ने ब्रावो पर दो रन के साथ पांचवें ओवर में टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया। उन्होंने आते ही तूफानी तेवर दिखा और ऑफ स्पिनर सुनील नारायण की पहली दो गेंदों पर चौका और छक्का जड़ने के बाद इसी ओवर में एक और चौका मारा। उन्होंने कप्तान कार्लेस ब्रेथवेट पर भी लगातार दो चौके मारे। रोहित ने भी नारायण के अगले ओवर में लगातार दो छक्के जड़े।
 
राहुल ने ब्रेथवेट पर चौके के साथ नौवें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। वे हालांकि इसी ओवर में 36 रन निजी स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब लांग ऑफ पर रसेल ने उनका कैच छोड़ दिया। रोहित ने कीरोन पोलार्ड पर छक्के के साथ 22 गेंद में अर्धशतक पूरा किया जबकि राहुल ने भी इसी तेज गेंदबाज पर चौके के साथ 26 गेंद में यह उपलब्धि हासिल की। रोहित हालांकि इसके बाद पोलार्ड की गेंद पर छक्का जड़ने की कोशिश में डीप मिडविकेट पर चार्ल्स को कैच दे बैठे। उन्होंने 28 गेंद का सामना करते हुए चार छक्के और इतने ही चौके मारे।
 
राहुल और कप्तान धोनी ने इसके बाद पारी को आगे बढ़ाया। राहुल ने गेंदबाजी में वापसी करने आए नारायण पर दो चौके और एक छक्का मारा और फिर ब्रेथवेट पर भी छक्का जड़ा। भारत को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 64 रन की दरकार थी। धोनी ने रसेल पर छक्के के साथ 17वें ओवर में भारत के 200 रन पूरे किए। धोनी और राहुल ने इसी ओवर में एक-एक छक्का और जड़ा। राहुल ने रसेल पर छक्के के साथ 46 गेंद में शतक पूरा करके दूसरे सबसे तेज शतक की बराबरी की जो दक्षिण अफ्रीका के फाफ डु प्लेसिस के नाम है। राहुल ने अगली गेंद पर चौका भी मारा।
 
भारत को अंतिम ओवर में आठ रन चाहिए थे। ब्रावो की पहली गेंद पर मार्लन सैमुअल्स ने शार्ट थर्ड मैन पर धोनी का आसान कैच छोड़ा। पहली चार गेंद पर चार रन बने। पांचवीं गेंद पर दो रन बने। अंतिम गेंद पर दो रन चाहिए थे लेकिन धोनी ने शार्ट थर्ड मैन पर सैमुअल्स को कैच थमा दिया।
 
इससे पहले भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया लेकिन चार्ल्स और लुईस की जोड़ी ने उनके फैसले को गलत साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। चार्ल्स ने मोहम्मद शमी (एक विकेट पर 48 रन) के पहले ओवर में छक्के के साथ खाता खोला और फिर इसी ओवर में दो चौके भी मारे। लुईस ने भी जसप्रीत बुमराह पर चौका जड़ा।
 
चार्ल्स ने भुवनेश्वर कुमार पर लगातार दो चौके जड़े जबकि लुईस ने बुमराह पर छक्के के साथ पांचवें ओवर में ही टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचा दिया। चार्ल्स ने भी इस ओवर में छक्का मारा और फिर ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का स्वागत लगातार दो छक्कों के साथ करते हुए 20 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। वेस्टइंडीज ने छह ओवर में 78 रन बनाए जो पावर प्ले में भारत के खिलाफ सर्वाधिक स्कोर है। लुईस ने भी बाएं हाथ के स्पिनर जडेजा की पहली दो गेंदों पर छक्के मारे। चार्ल्स ने अश्विन पर दो रन के साथ आठवें ओवर में टीम के रनों का सैकड़ा पूरा किया।
 
चार्ल्स ने नौवें ओवर में जडेजा को फिर निशाना बनाते हुए दो छक्के और एक चौका जड़ा लेकिन गेंदबाजी में वापसी कर रहे शमी ने उन्हें बोल्ड करके भारत को पहली सफलता दिलाई। लुईस ने शमी पर चौके के साथ 25 गेंद में अपने करियर का पहला अर्धशतक पूरा किया। वेस्टइंडीज ने 10 ओवर में एक विकेट पर 132 रन बनाए जो पहले 10 ओवर में टी-20 इतिहास का सर्वाधिक स्कोर है।
 
लुईस ने अगले ओवर में स्टुअर्ट बिन्नी पर लगातार पांच छक्कों के साथ 32 रन बटोरे जिसमें एक वाइड भी शामिल रही। यह भारत के खिलाफ 2007 टी-20 विश्व कप में स्टुअर्ट ब्राड के 36 रन के बाद टी-20 इतिहास में संयुक्त रूप से दूसरा सबसे महंगा ओवर है। अश्विन ने 12वें ओवर में सिर्फ चार रन दिए जो पारी का सबसे किफायती ओवर रहा।
 
रसेल ने भी इस बीच भुवनेश्वर और शमी पर छक्के जड़े। लुईस ने जडेजा पर एक रन के साथ शतक पूरा किया। जडेजा ने इसके बाद रसेल को पगबधा आउट किया और फिर इसी ओवर में लुईस भी गेंद को हवा में लहरा गए और अश्विन ने कवर से पीछे की ओर दौड़ते हुए आसान कैच लपका। कप्तान कार्लेस ब्रेथवेट 14 रन बनाकर रन आउट हुए जबकि बुमराह ने कीरोन पोलार्ड (22) और लेंडल सिमंस (शून्‍य) को अंतिम ओवर में बोल्ड किया। (भाषा)
ये भी पढ़ें
धोनी चूूके, एक गेंद में नहीं बना पाए दो रन... मैच हार गया भारत