ramcharitmanas
✕

ICC का महत्वपूर्ण फैसला, महिला वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल और फाइनल में होंगे रिजर्व दिन

Updated: बुधवार, 11 मार्च 2020 (14:48 IST)
वेलिंगटन। भारत के खिलाफ टी-20 महिला विश्व कप सेमीफाइनल में मैदान पर उतरे बिना ही इंग्लैंड के बाहर होने से सबक लेते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने न्यूजीलैंड में होने वाले 2021 एकदिवसीय विश्व कप के दोनों सेमीफाइनल और फाइनल के लिए रिजर्व दिन का आवंटन किया है।
 
आईसीसी ने न्यूजीलैंड में 6 फरवरी से 7 मार्च तक होने वाले टूर्नामेंट का कार्यक्रम जारी किया है जिसमें 31 मैच खेले जाएंगे। तीनों नॉकआउट मैचों के अगले दिन रिजर्व दिन का प्रावधान रखा गया है।
 
पिछले हफ्ते भारत के खिलाफ महिला टी-20 विश्व सेमीफाइनल बारिश की भेंट चढ़ने के बाद इंग्लैंड की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। भारत ने ग्रुप चरण में बेहतर रैंकिंग के कारण फाइनल में जगह बनाई थी। महिला टी-20 विश्व कप के लिए रिजर्व दिन नहीं रखने के कारण आईसीसी को आलोचना का सामना करना पड़ा था।
 
महिला एकदिवसीय विश्व कप 6 स्थलों पर खेला जाएगा जिसमें ऑकलैंड का ईडन पार्क, तौरंगा का बे ओवल, हैमिल्टन का सेडन पार्क, डुनेडिन का यूनिवर्सिटी ओवल, वेलिंगटन का बेसिन रिजर्व और क्राइस्टचर्च का हेगले ओवल शामिल हैं।
 
टूर्नामेंट का पहला मैच ऑकलैंड में मेजबान और क्वालीफाइंग टीम के बीच खेला जाएगा। सेमीफाइनल मुकाबले तौरंगा और हैमिल्टन में क्रमश: 3 और 4 मार्च को खेले जाएंगे जबकि फाइनल 7 मार्च को क्राइस्टचर्च में होगा।
 
न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका पहले ही विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं। आईसीसी महिला चैंपियनशिप और इसके बाद जुलाई में श्रीलंका में क्वालीफाइंग टूर्नामेंट की समाप्ति के बाद बाकी बची 4 टीमें तय होंगी।
 
8 टीमों के राउंड रॉबिन प्रारूप में प्रत्येक टीम एक-दूसरे के खिलाफ 1 मैच खेलेगी और शीर्ष 4 टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। टूर्नामेंट की कुल इनामी राशि 55 लाख न्यूजीलैंड डॉलर होगी और इसके सभी मैचों का सीधा प्रसारण किया जाएगा।
 
आईसीसी के सीईओ मनु साहनी ने कहा कि वैश्विक खेल की प्रगति और विकास की हमारी रणनीति के हिस्से के तौर पर महिला क्रिकेट के विकास के लिए आईसीसी ने दीर्घकालीन प्रतिबद्धता जताई है।
 
उन्होंने कहा कि हमें बेहद गर्व है कि पिछले कुछ वर्षों में हमने आईसीसी प्रतियोगिताओं की इनामी राशि में इजाफे में काफी प्रगति की है जिसमें न्यूजीलैंड में 2021 में होने वाले महिला क्रिकेट विश्व कप की इनामी राशि 55 लाख न्यूजीलैंड डॉलर की गई है, जो 2017 में 31 लाख न्यूजीलैंड डॉलर और 2013 में 3 लाख 16 हजार न्यूजीलैंड डॉलर थी।

Show comments

सभी देखें

गेम शो होस्ट करते करते वनडे क्रिकेट खेलने वाले पहले बल्लेबाज बनेंगे रोहित शर्मा

सर्वाधिक हॉकी मैच खेलने वाली पहली महिला हॉकी खिलाड़ी बनी गोलकीपर सविता

मुश्किल में मोहम्मद रिजवान, सट्टे और फिक्सिंग के लगे संगीन आरोप

Asian Games के लिए भारत ने 503 खिलाड़ियों पर खर्चे 702 करोड़ रुपए

लंबी पारी नहीं खेल पाते रोहित शर्मा, Ex GF सोफिया हयात ने दिया बयान (Video)

अगला लेख