• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. समाचार
Written By वार्ता

भारत ने द. अफ्रीका को 102 रन से रौंदा

भारत
WD
जयदेव उनादकट (10 रन पर चार विकेट) की करिश्माई गेंदबाजी की बदौलत भारत ने इमर्जिंग प्लेयर्स टूर्नामेंट में दक्षिण अफ्रीका को 102 रन के भारी अंतर से हरा दिया।

टूर्नामेंट में लगातार दूसरा मैच जीतने के साथ ही भारत अंक तालिका में शीर्ष पर पहुँच गया है। दक्षिण अफ्रीका की यह लगातार दूसरी हार है और वह अब तक एक भी अंक हासिल नहीं कर सका है।

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शिखर धवन के 47 रनों की बदौलत सात विकेट पर 166 रन बनाए। भारत की शुरुआत अच्छी रही और उसकी सलामी जोडी धवन तथा कप्तान पार्थिव पटेल ने 7.2 ओवर में 66 रन जोड़ डाले। पार्थिव ने 23 गेंदों में ताबड़तोड़ 37 रन बनाए। नमन ओझा 10 गेंदों में 20 रन बनाकर अविजित रहे।

167 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने अपने सात विकेट केवल 33 रन पर गँवा दिए। विनय कुमार और पीयूष चावला ने उनादकट का अच्छा साथ दिया और दो-दो विकेट लिए।

दक्षिण अफ्रीका की ओर से सबसे ज्यादा 18 रन ऐरोन फांगिसो ने बनाए। दक्षिण अफ्रीका की खस्ता हाल बल्लेबाजी की हालत यह थी कि उसके आठ खिलाड़ी दहाई का आँकड़ा भी नहीं छू सके और पूरी टीम केवल 64 रन पर ढेर हो गई। (वार्ता)