1. खबर-संसार
  2. करियर
  3. समाचार
  4. Mustard Oil Price

दालों के बाद अब सरसों के तेल पर महंगाई की करारी मार

Mustard Oil Price
नई दिल्ली। दाल के आसमान छूते दामों के बाद अब महंगाई की मार से सरसों का तेल भी नहीं बच पाया है। एक सप्ताह के भीतर सरसों के तेल के दामों में भारी उछाल आया है और यह 10  से लेकर 30 रुपए तक महंगा हो गया है। देश में कई किसान सूखे की मार झेल रहे हैं तो कहीं ओलावृष्टि से सरसों की पैदावार कम हुई है। इसी वजह से सरसों का तेल महंगा हुआ है। 
दिल्ली में सप्ताहभर पहले सरसों के तेल के दाम 90 से 110 रुपए लीटर हुआ करते थे, वे अब 130 रुपए पर पहुंच गए हैं। दिल्ली भंडारण में सरसों का तेल 131 और सफल स्टोर्स में 120 रुपए लीटर के दाम से बेचा जा रहा है। 
 
सबसे बुरी हालत कोलकाता में है, जहां सरसों के तेल की सबसे ज्यादा खपत होती है। यहां के लोगों का कहना है कि  8  दिन पहले सरसों का तेल हम 100 या 110 रुपए लीटर खरीद रहे थे, अब यह 130 से 140 रुपए बिक रहा है।
 
भाव बढ़ने से कोलकाता के लोगों में आक्रोश है। त्योहारों के मौके पर तेल की कीमतें बढ़ने से उन्हें ज्यादा तकलीफें झेलनी पड़ रही हैं। यहां के व्यापारियों का कहना है कि अभी तो तेल मिल भी रहा है, हो सकता है कि दीपावली के बाद सरसों या तेल बाजार से गायब ही हो जाए।

सरसों के तेल में आई तेजी से देश की औद्योगिक राजधानी मुंबई भी अछूती नहीं रही। मुंबई में सरसों का तेल 140 रुपए से 165 रुपए प्रति लिटर तक बिक रहा है। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से भी खबर है कि यहां पर सरसों का तेल 10 से 15 रुपए महंगा हुआ है। (वेबदुनिया न्यूज)