• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. अंतरराष्ट्रीय
Written By भाषा

इराक में आतंकी हमला, 26 पुलिसकर्मी मरे

इराक आत्मघाती हमला
FILE
संदिग्ध अल कायदा बंदूकधारियों ने सोमवार को पश्चिमी इराकी शहर हदीठा में तड़के हिंसक तांडव करते हुए विभिन्न जांच चौकियों को निशाना बनाया और 26 पुलिसकर्मियों को मार डाला। गोलीबारी का शिकार हुए पुलिसकर्मियों में दो अधिकारियों को फांसी दिए जाने के स्टाइल में गोली मारी गई। कुछ हमलावर पुलिस की वर्दी में भी थे।

स्थानीय समयानुसार देर रात्रि दो बजे हमलावरों ने सेना की वर्दी पहने एक साथ पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में दो जांच चौकियों पर हमला किया। इसके बाद वे अन्य सुरक्षा चौकियों में जा घुसे तथा दो पुलिस अधिकारियों के घरों पर हमला बोल दिया।

23 फरवरी के बाद इराक में यह सर्वाधिक हिंसक कार्रवाई थी। इस माह के अंत में बगदाद में अरब लीग शिखर बैठक होने वाली है। हदीठा पुलिस प्रवक्ता मेजर तारीक सयाह हरदान ने बताया कि कुल 26 पुलिसकर्मी मारे गए, जिनमें एक कर्नल और एक कैप्टन भी शामिल हैं। हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल भी हुए हैं।

पिछले साल, मार्च के ही महीने में इसी शहर में एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को एक बैंक के भीतर विस्फोट से उड़ा दिया था। उसके बाद से शहर पर यह पहला बड़ा हमला है। बैंक के भीतर हुए आत्मघाती हमले में तीन पुलिस अधिकारियों समेत नौ लोग मारे गए थे तथा आठ अन्य घायल हुए थे।

हदीठा सुन्नी अरब प्रांत अनबार में स्थित है। यूफरात घाटी के साथ लगते कई शहरों में हदीठा भी एक ऐसा शहर है जो 2003 में अमेरिकी गठबंधन बलों द्वारा सद्दाम हुसैन को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए की गई कार्रवाई के बाद अल कायदा का गढ़ बन गया था।

हालांकि वर्ष 2006 के बाद से स्थानीय सुन्नी कबीले अमेरिकी सेना के पक्ष में आ गए थे और इलाके से विद्रोही लड़ाकों को खदेड़े जाने के बाद अनबार में हिंसा कम हो गई थी। (भाषा)