पुतिन पर भिड़े क्लिंटन और ट्रंप, जमकर चले चुनावी तीर...
लास वेगास। अमेरिका में डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन और रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के मुद्दे पर तीखी बहस हुई।
आठ नवंबर को होने वाले चुनाव से पहले तीसरी और आखिरी बहस में पुतिन को लेकर दोनों नेताओं ने एक दूसरे पर निशाना साधा। हिलेरी ने ट्रंप को पुतिन का कठपुतली करार दिया तो वहीं ट्रंप ने आरोप लगाया कि क्लिंटन पुतिन से चिढ़ती हैं क्योंकि पुतिन ने उन्हें हर मामले में पीछे छोड़ दिया है।
क्लिंटन ने कहा कि हाल ही में देश में हुए साइबर हमलों मुद्दे पर ट्रंप ने रूस और पुतिन की आलोचना नहीं की। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों और होमलैंड सुरक्षा विभाग ने पिछले दिनो डेमोक्रेटिक पार्टी की राष्ट्रीय समिति से जुड़े ईमेल को लीक करने और साइबर हमलों के लिए रूस को जिम्मेदार बताया था। उन्होंने कहा कि ट्रंप को देश की सैन्य और असैनिक खुफिया अधिकारियों से ज्यादा भरोसा पुतिन पर है।
ट्रंप ने पुतिन का करीबी होने का आरोप खारिज करते हुए कहा कि रूस के साथ बेहतर संबंध बनाने के मामले में वह श्रीमती क्लिंटन की तुलना में वह ज्यादा समर्थ होंगे। उन्होंने कहा कि पुतिन क्लिंटन का सम्मान नहीं करते, वह हमारे मौजूदा राष्ट्रपति का कोई सम्मान नहीं करते हैं और मैं आपको बता दूं कि इससे हमारे लिए बहुत गंभीर मुसीबत हो सकती है। (वार्ता)