उत्तर कोरिया में अज्ञात आंतों की बीमारी ने बढ़ाई चिंता, 800 परिवार संक्रमित, महामारी घोषित
Photo - Twitter
जांचकर्ताओं की टीम द्वारा सरकार को सौंपी गई प्राथमिक रिपोर्ट में इस बीमारी का कारण आंतों में स्थित गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल ट्रैक्ट में संक्रमण बताया जा रहा है। वहीं दक्षिण कोरिया के स्वास्थ अधिकारियों ने कथित तौर पर इस संक्रमण को हैजा या टाइफाइड जैसा कुछ कहा है।
चिकित्सा दल द्वारा खासतौर पर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों का परिक्षण किया जा रहा है। उत्तर कोरिया सरकार की 'रैपिड डायग्नोसिस एंड ट्रीटमेंट टीम' सीवेज और चैम्बरों की सफाई और दवाई छिड़काव का काम कर रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि संक्रमण आस-पास के कृषि क्षेत्रों तक ना पहुंचे। इसके अलावा उत्तर कोरिया के सुप्रीम लीडर किम जोंग-उन ने स्थानीय फार्मेसियों को मुख्य रूप से ह्वांगहे प्रांत में संक्रमितों तक दवाएं पहुंचाने का आदेश दिया है।
उत्तर कोरिया के आपातकालीन महामारी कार्य के प्रभारी अधिकारी ने राज्य से सम्बद्ध मीडिया एजेंसी केसीएनए को बताया कि नई बीमारी संक्रामक है और संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने पर भोजन आदि को दूषित कर सकती है। उत्तर कोरियाई स्वास्थ एजेंसी ने लक्षणों वाले लोगों को तत्काल अलग-थलग करने और उनका इलाज करने के निर्देश दिए हैं।

