dharma sangrah
✕

पाकिस्तान में आत्मघाती हमले में उम्मीदवार की मौत

Updated: रविवार, 22 जुलाई 2018 (20:15 IST)
पेशावर। हिंसाग्रस्त खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के डेरा इस्माइल खान में रविवार को एक आत्मघाती हमले में एक पूर्व प्रांतीय मंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के वरिष्ठ नेता की मौत हो गई।
 
 
पुलिस ने बताया कि पीके-99 निर्वाचन क्षेत्र से प्रांतीय असेंबली सीट के उम्मीदवार इकरामुल्ला गंडापुर एक चुनावी बैठक के लिए जा रहे थे तभी रास्ते में एक आत्मघाती हमलावर ने उनके वाहन को अपना निशाना बनाया। डेरा इस्माइल खान के जिला पुलिस अधिकारी (डीपीओ) मंजूर अफरीदी ने कहा कि हमले में इकरामुल्ला का कार चालक भी मारा गया जबकि 3 सुरक्षाकर्मी बुरी तरह घायल हो गए।
 
इकरामुल्ला रविवार सुबह हुए आत्मघाती विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हुए थे जिसके बाद उन्हें हेलीकॉप्टर से पेशावर के एक अस्पताल ले जाया गया लेकिन इलाज के दौरान कुछ ही घंटे बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। वे पीटीआई के नेतृत्व वाले खैबर पख्तूनख्वा मंत्रिमंडल में प्रांतीय कृषिमंत्री रहे थे। इकरामुल्ला डेरा इस्माइल खान पीके-67 सीट से उपचुनाव में चुने गए थे। डेरा इस्माइल खान पीके-67 सीट इकरामुल्ला के भाई और कानून मंत्री इसरारुल्ला गंडापुर की एक आत्मघाती हमले में मौत के बाद रिक्त हुई थी।
अफरीदी ने बताया कि इकरामुल्ला कुलाची तहसील में एक नुक्कड़ सभा में हिस्सा लेने के बाद लौट रहे थे तभी एक संकरी सड़क पर उनके वाहन पर हमला हुआ। घटना के तुरंत बाद पुलिस और सुरक्षा बलों के अधिकारियों ने इलाके की घेराबंदी कर दी और तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
 
लगभग उसी समय बन्नू जिले में जमीयत उलेमा इस्लाम फज्ल (जेयूआई-एफ) के नेता और खैबर पख्तूनख्वा के पूर्व मुख्यमंत्री अकरम खान दुर्रानी पर 10 दिन के अंदर दूसरी पर जानेलवा हमला किया गया। दुर्रानी उत्तर वजीरिस्तान जिले की सीमा से लगे अपने गृह जिले बन्नू में एक राजनीतिक सम्मेलन में हिस्सा लेने जा रहे थे तभी उनके वाहन पर अज्ञात बंदूकधारियों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाईं।
 
दुर्रानी एनए-35 सीट से मुत्तहिदा मजलिस-ए-अमाल (एमएमए) के बैनर तले इमरान खान की पीटीआई के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। 25 जुलाई को होने वाले चुनाव से पहले बन्नू जिले में किसी उम्मीदवार पर हुआ यह तीसरा और दुर्रानी पर दूसरा हमला है। चुनाव से पहले पाकिस्तान में सुरक्षा की स्थिति बिगड़ी है। आम चुनाव के लिए प्रचार आतंकी हमलों से प्रभावित हुए हैं। तहरीक-ए-तालिबान और आईएसआईएस ने इन हमलों की जिम्मेदारी ली है। (भाषा)

Show comments

UGC पर सवर्ण नाराज, ओबीसी असहज… UP में भाजपा किसका भरोसा बचाए?

Rahul Gandhi : चुनाव में धांधली का आरोप, फिर बहिष्कार क्यों नहीं करती विपक्षी पार्टियां? राहुल गांधी ने शिकागो में दिया जवाब

Sheikh Hasina : भारत में रह रहीं शेख हसीना दिसंबर में लौटना चाहती हैं बांग्लादेश, पासपोर्ट और प्रत्यर्पण पर नया विवाद

नन्हे हाथी 'राजा' को बचाने के लिए अनंत अंबानी की पहल, असम से जामनगर भेजा विशेष विमान

कूनो में फिर गूंजी किलकारी, बोत्सवाना से आई मादा चीता KOMG 3 ने चार स्वस्थ शावकों को दिया जन्म

सभी देखें

सेंसेक्स 2326 अंक उछला, निफ्टी 25800 के पार; एंथ्रोपिक की धमाकेदार एंट्री, जानें कैसा रहेगा अगला हफ्ता

गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 19 साल से ज्यादा की जेल

पहलगाम आतंकी हमले में इस्तेमाल GoPro कैमरे पर चीन ने नहीं दिया जवाब, NIA को मिले फॉरेंसिक सबूत

मणिपुर में जहरीली शराब का कहर, 10 लोगों की मौत, 100 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती, CM ने मरीजों से की मुलाकात

Rahul Gandhi : चुनाव में धांधली का आरोप, फिर बहिष्कार क्यों नहीं करती विपक्षी पार्टियां? राहुल गांधी ने शिकागो में दिया जवाब

अगला लेख