अमेरिका-ईरान युद्ध के बीच उत्तर कोरिया की बड़ी हरकत, दागी संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइल
अमेरिका इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध के बीच उत्तर कोरिया ने शनिवार को एक संदिग्ध बैलिस्टिक प्रोजेक्टाइल दागकर एक बार फिर क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। जापान और दक्षिण कोरिया ने इसकी पुष्टि की है। उत्तर कोरिया के इस कदम को एशिया-प्रशांत क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
जापान के कोस्ट गार्ड के अनुसार, दागा गया संदिग्ध बैलिस्टिक प्रोजेक्टाइल समुद्र में गिर गया। जापान के सार्वजनिक प्रसारक एनएचके ने बताया कि प्रोजेक्टाइल देश के विशेष आर्थिक क्षेत्र (EEZ) के बाहर समुद्री क्षेत्र में गिरी।
दक्षिण कोरिया और जापान अलर्ट
यह प्रोजेक्टाइल परीक्षण ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच 9 मार्च से 19 मार्च तक वार्षिक संयुक्त सैन्य अभ्यास चल रहा है। उत्तर कोरिया लंबे समय से इन अभ्यासों का विरोध करता रहा है और इन्हें अपने खिलाफ युद्ध की तैयारी करार देता है। मिसाइल परिक्षण के बाद दक्षिण कोरिया और जापान अलर्ट मोड पर है।
हाल ही में प्योंगयांग ने अमेरिका से उसे परमाणु शक्ति संपन्न देश के रूप में मान्यता देने की मांग की थी। यह मांग सत्तारूढ़ वर्कर्स पार्टी की कांग्रेस के दौरान उठाई गई थी, इसमें देश की सुरक्षा और परमाणु नीति पर भी चर्चा हुई।
गौरतलब है कि उत्तर कोरिया ने हाल ही में ईरान पर अमेरिका के हमले की भी कड़ी आलोचना की है। प्योंगयांग ने इस कार्रवाई को अमेरिका का 'बेशर्म' कदम बताते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी निंदा की।
edited by : Nrapendra Gupta