• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. man climb on trump tower
Written By
Last Modified: न्यूयॉर्क , गुरुवार, 11 अगस्त 2016 (12:42 IST)

ट्रंप से मिलने गया था, टॉवर पर चढ़ा

trump tower
न्यूयॉर्क। वर्जीनिया का 20 वर्षीय एक व्यक्ति सेक्शन कप और पट्टियों का इस्तेमाल करते हुए मिडटाउन मैनहटन स्थित ट्रंप टॉवर की 21 मंजिलों तक की बाहरी दीवार पर चढ़ गया। इस घटनाक्रम को देखने के लिए मीडिया घंटों तक वहीं खड़ा रहा। ऐसा कहा जा रहा है कि यह व्यक्ति राष्ट्रपति पद के रिपब्लिकन दावेदार डोनाल्ड ट्रंप के साथ कथित तौर पर निजी मुलाकात करने के लिए ऊपर चढ़ा था।
 
पुलिस अधिकारियों ने लगभग 3 घंटे की मशक्कत के बाद बुधवार शाम को इस व्यक्ति को सुरक्षित तौर पर इमारत के अंदर लिया। इस व्यक्ति की पहचान उजागर नहीं की गई है।
 
इस स्टंट को नीचे से गुजरते सैकड़ों लोगों ने प्रत्यक्ष तौर पर देखा और बहुत से लोगों ने टीवी पर इसका सीधा प्रसारण देखा। यह खबर और इससे जुड़ी तस्वीरें सोशल मीडिया पर व्यापक तौर से प्रसारित हो गई थीं।
 
पुलिस ने कहा कि इस व्यक्ति का उद्देश्य इस टॉवर के शीर्ष पर पहुंचना था और ट्रंप से निजी तौर पर मिलना था। इस संपत्ति का नाम मैनहटन की सबसे महंगी संपत्तियों में शुमार है। इस घटना के समय ट्रंप राष्ट्रपति पद के लिए प्रचार अभियान के सिलसिले में वर्जीनिया गए हुए थे। टॉवर के आसपास सुरक्षा कड़ी है। ट्रंप के प्रचार अभियान की शुरुआत यहीं से हुई थी और उनका आवास भी यहीं है।
 
ट्रंप ने ट्विटर के जरिए कहा कि न्यूयॉर्क पुलिस विभाग ने गुरुवार को लोगों की सुरक्षा एवं ऊपर चढ़ने वाले व्यक्ति को बचाने के लिए शानदार काम किया। (भाषा)
चित्र सौजन्य : ट्विटर 
ये भी पढ़ें
स्वतंत्रता दिवस : क्या कहते हैं भारत के सितारे