1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Emirati men with two wives will get housing allowance

दो बीवियां रखने वाले को मिलेगा सरकार से इनाम

UAE
नई दिल्ली। दो शादियां करना ज्यादातर देशों में भले ही सही न माना जाता हो, लेकिन दुनिया में कई देश ऐसे भी हैं, जहां ऐसी शादियों को प्रोत्साहित किया जाता है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE)भी एक ऐसा ही देश है। वहां की सरकार ने दो बीवियां रखने वाले लोगों को अतिरिक्त मकान भत्ता देने की घोषणा की है।
 
खलीज टाइम्स के अनुसार देश में अविवाहित लड़कियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सरकार लोगों को दूसरी शादी करने को प्रोत्साहित करने के लिए यह स्कीम लेकर आई है। UAE के बुनियादी ढांचा विकास मंत्री डॉ. अब्दुल्ला बेलहैफ अल नुईमी ने बुधवार को फेडरल नेशनल कौंसिंल (FNC)के सत्र के दौरान यह घोषणा की।
 
उन्होंने कहा कि मंत्रालय ने यह निर्णय लिया है कि दो बीवियां रखने वाले सभी लोगों को शेख जायद हाउसिंग कार्यक्रम के तहत मकान भत्ता दिया जाएगा। असल में यह दूसरी बीवी के लिए मकान भत्ता होगा। यानी यह एक पत्नी वाले परिवार को पहले से मिल रहे मकान भत्ते के अतिरिक्त होगा।
 
मंत्री ने कहा, 'दूसरी बीवी के लिए भी उसी तरह के रहन-सहन की व्यवस्था होनी चाहिए, जैसा कि पहली बीवी के लिए होता है।' उन्होंने कहा कि मकान भत्ता देने से लोग दूसरी शादी करने को प्रोत्साहित होंगे और UAE में अविवाहित महिलाओं की संख्या घटेगी। मंत्रालय यह चाहता है कि दूसरी बीवी को भी पहले बीवी की तरह ही मकान मिले।
 
गौरतलब है कि UAE में अविवाहित यु‍वतियों की बढ़ती संख्या को लेकर एफएनसी के सदस्य चिंता जताते रहे हैं। कुछ सदस्यों ने तो यहां तक कहा था कि लोगों के दूसरी शादी न करने से देश पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। 
अगला लेख
कश्मीर में फिर से हिमपात, बारिश