गुरुवार, 26 मार्च 2026
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Donald Trumps direct threat to Iran: Agreement only if Iran surrenders
Last Updated :दुबई , शुक्रवार, 6 मार्च 2026 (23:30 IST)

ईरान को डोनाल्ड ट्रंप की सीधी धमकी, सरेंडर करे तभी समझौता

America
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को एक बार फिर धमकी दी है। ट्रंप ने कहा कि ईरान सरेंडर करे तभी समझौता होगा। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के अगले सर्वोच्चा नेता के चयन की प्रक्रिया में उन्हें शामिल किया जाना चाहिए। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि अमेरिका और उसके सहयोगी ईरान को विनाश के कगार से वापस लाने के लिए हर जरूरी कदम उठाएंगे और उसे आर्थिक रूप से पहले से भी कहीं बड़ा, बेहतर और मजबूत बनाएंगे। 
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब ईरान पर अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमले लगातार जारी हैं तथा इन हमलों के जवाब में ईरान ने भी क्षेत्र में इजराइल एवं अमेरिकी ठिकानों पर हमले जारी रखे हैं। संबंधित देशों के अधिकारियों के अनुसार, इस युद्ध में ईरान में कम से कम 1,230 लोग, लेबनान में 120 से अधिक लोग और इजराइल में लगभग एक दर्जन लोग मारे गए हैं।
हमलों में 6 अमेरिकी सैनिक भी मारे गए हैं। ट्रंप ने कहा कि ईरान पर हमलों में मारे गए अयातुल्ला अली खामेनेई के स्थान पर उनके बेटे मोजतबा खामेनेई का सर्वोच्च नेता के तौर पर चयन ‘अस्वीकार्य’ होगा। अमेरिकी समाचार वेबसाइट ‘एक्सियोस’ से बातचीत के दौरान की गई ट्रंप की यह टिप्पणी सवाल खड़ा करती है कि क्या अमेरिका और इजराइल ईरान के इस्लामी गणराज्य को उखाड़ फेंकना चाहते हैं या केवल उसकी नीतियों में बदलाव चाहते हैं। यह संघर्ष अनिश्चितकाल के लिए लंबा खिंचता नजर आ रहा है।
इस युद्ध का असर पश्चिम एशिया तथा उससे बाहर के 14 देशों पर पड़ा है। ईरान समर्थक हिजबुल्ला लड़ाकों के साथ संघर्ष बढ़ने के बीच इजराइल ने चेतावनी जारी कर बेरूत के दक्षिणी उपनगरों के लिए बड़े पैमाने पर निकासी का परामर्श जारी किया। संयुक्त राष्ट्र शांतिरक्षकों ने इजराइली सैनिकों की और टुकड़ियों के सीमा पार जाने के बीच दक्षिणी लेबनान में जमीनी लड़ाई की सूचना दी।
इस बीच, पूरे ईरान में अमेरिका और इजराइल के हमले जारी हैं। उन्होंने ईरान की सैन्य क्षमता, नेतृत्व और परमाणु कार्यक्रम को निशाना बनाया है। ईरान ने जवाबी हमले करते हुए अरब में अपने पड़ोसियों को निशाना बनाया है। इन हमलों के कारण तेल आपूर्ति बाधित हो गई है और वैश्विक हवाई यात्रा बुरी तरह प्रभावित हुई है। Edited by : Sudhir Sharma
ये भी पढ़ें
भारत ने बचाया ईरान का दूसरा युद्धपोत, तकनीकी खराबी के बाद 183 नौसैनिकों समेत मांगी मदद