48 घंटे में Hormuz Strait खोलो वरना पावर प्लांट कर देंगे तबाह, डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को खुली धमकी, तेल संकट से दुनिया में हड़कंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने रविवार को ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उसने 48 घंटे के भीतर Strait of Hormuz को नहीं खोला, तो अमेरिका ईरान के कई पावर प्लांट्स पर हमला कर उन्हें पूरी तरह तबाह कर देगा। ट्रंप ने कहा कि कार्रवाई की शुरुआत ईरान के सबसे बड़े पावर प्लांट से की जाएगी।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर पोस्ट करते हुए ईरान से अपील की कि वह इस अहम समुद्री मार्ग को तुरंत खोल दे। यह जलडमरूमध्य अमेरिका-इज़रायल के हमलों और उसके जवाब में ईरान की कार्रवाई के बाद से ईरानी सेना की पकड़ में बताया जा रहा है।
ट्रंप ने पोस्ट में लिखा, “अगर ईरान इस समय से 48 घंटे के भीतर बिना किसी धमकी के पूरी तरह से हॉर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोलता है, तो संयुक्त राज्य अमेरिका ईरान के विभिन्न पावर प्लांट्स पर हमला कर उन्हें नष्ट कर देगा, और शुरुआत सबसे बड़े प्लांट से होगी।”
तेल की कीमतों में उछाल
ट्रंप की यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब हॉर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव के कारण वैश्विक तेल कीमतों में तेज़ उछाल देखा जा रहा है। दुनिया के कुल तेल आपूर्ति का लगभग पांचवां हिस्सा इसी मार्ग से होकर गुजरता है, इसलिए इस रास्ते पर किसी भी तरह का खतरा पूरी दुनिया की ऊर्जा सप्लाई को प्रभावित कर सकता है।
ट्रंप ने इससे पहले कहा था कि इस जलडमरूमध्य की सुरक्षा की जिम्मेदारी उन देशों को उठानी चाहिए जो इसका इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने लिखा कि अमेरिका हर हाल में इसकी सुरक्षा करने के लिए बाध्य नहीं है।
ईरानी तेल पर अस्थायी राहत
इस बीच ट्रंप प्रशासन ने यह भी घोषणा की है कि जहाज़ों पर पहले से लदे ईरानी तेल पर लगाए गए कुछ प्रतिबंधों को अस्थायी रूप से हटाया जा रहा है। अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी Scott Bessent ने बताया कि इस फैसले से लगभग 14 करोड़ बैरल तेल वैश्विक बाजार में आ सकेगा, जिससे ऊर्जा सप्लाई पर दबाव कम होगा।
संघर्ष का दायरा बढ़ने का दावा
उधर इज़रायली अधिकारियों का दावा है कि ईरान ने पहली बार लंबी दूरी की मिसाइलों का इस्तेमाल किया है, जिससे हमलों का खतरा मध्य-पूर्व से बाहर तक बढ़ सकता है और क्षेत्रीय संघर्ष के और फैलने की आशंका बढ़ गई है।
Edited by : Sudhir Sharma