अमेरिका-इजराइल के निशाने पर थे मोजतबा खामेनेई, इस तरह बची जान
Mojtaba Khamenei News in Hindi : अमेरिका-इजराइल और ईरान युद्ध का आज 18वां दिन हैं। अमेरिका और इजराइल ड्रोनों और मिसाइलों से ईरान पर जमकर हमले कर रहे हैं। जबकि ईरान भी इजराइल के साथ ही खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी बेसों पर करारे हमले कर रहा है। इस बीच एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि मोजतबा खामेनेई भी अपने पिता की तरह ही अमेरिका और इजराइल के निशाने पर थे। लेकिन वह हमले के ठीक कुछ सेकेंड पहले वहां से निकल गए थे।
ईरान की आंतरिक बैठक से लीक हुई ऑडियो रिकॉर्डिंग पर आधारित एक रिपोर्ट में अयातुल्लाह खामेनेई के कार्यालय में प्रोटोकॉल प्रमुख मजाहिर हुसैनी के हवाले से दावा किया गया है कि 28 फरवरी को ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के तहत की गई इस स्ट्राइक में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के तेहरान स्थित परिसर को निशाना बनाया गया था। इसमें अयातुल्लाह खामेनेई, ईरान की सेना के प्रमुख मोहम्मद शिराजी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मारे गए।
3 मिसाइलों से हमला
हुसैनी ने सभा को बताया कि इस हमले में कम से कम तीन मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया था। एक मिसाइल कंपाउंड के उस हिस्से पर गिरी, जहां बड़े खामेनेई मौजूद थे। दूसरी मिसाइल ऊपरी मंजिल पर स्थित मोजतबा खामेनेई के आवास पर लगी जबकि तीसरी मिसाइल उनके बहनोई, मिस्बाह अल-हुदा बाघेरी कानी के घर पर गिरी।
कैसे बचे मोजतबा
रिपोर्ट में कहा गया कि मजाहिर हुसैनी ने अधिकारियों को बताया कि हमले से कुछ ही समय पहले मोजतबा खामेनेई अपने पिता के साथ इमारत के भीतर मौजूद थे, लेकिन मिसाइलों के टकराने से ठीक पहले वह बाहर निकल गए।
इस हमले में मोजतबा के पैर में मामूली चोट आई। हालांकि, उनकी पत्नी हद्दाद की इस हमले में मौत हो गई। इस हमले के बाद मोजतबा सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दिए।
edited by : Nrapendra Gupta