इजराइली हमले में बेटे समेत अली लारीजानी की मौत, ईरान ने की पुष्टि
इजराइली हमले में अली लारीजानी, उनके बेटे अली रजा बियान और कमांडर सुलेमानी की मौत हो गई। ईरान ने अपनी सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख अली लारीजानी की मौत की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। ईरान ने कहा कि इससे बदला लेने की उसकी इच्छाशक्ति दोगुनी हुई।
मंगलवार को जारी एक बयान में परिषद ने उन्हें शहीद घोषित किया और कहा कि इजरायली हवाई हमले में उनकी मौत हुई। बयान में कहा गया है कि शहीदों की पवित्र आत्माओं ने ईश्वर के धर्मी सेवक, शहीद डॉ. अली लारीजानी की पवित्र आत्मा को गले लगा लिया। लारीजानी के बेटे अली रजा बियान और उनके अंगरक्षकों ने भी इस हमले में अपनी जान गंवाई। अली रजा बियान ईरान काउंसिल के उपाध्यक्ष थे।
इजराइल ने सोमवार को दावा किया था कि उसकी वायुसेना ने तेहरान के पास एक लक्षित हवाई हमले में लारीजानी को मार गिराया। इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज़ ने कहा कि लारीजानी के साथ बसीज मिलिशिया के कमांडर सुलेमानी भी मारे गए।
कौन थे लारीजानी
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद लारीजानी को देश का सबसे शक्तिशाली नेता माना जा रहा था। अयातुल्लाह अली खामेनेई के करीबी सलाहकार रहे लारीजानी ईरान के डी-फैक्टो नेता के रूप में उभरे थे और सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेटरी के तौर पर देश की सुरक्षा नीतियों और विदेश मामलों में अहम भूमिका निभा रहे थे।
गौरतलब है कि अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच 28 फरवरी से भीषण जंग चल रही है। इसमें अमेरिका और इजराइल के हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह खामेनेई समेत दिग्गजों की मौत हो गई। वहीं ईरान ने भी इजराइल के साथ ही खाड़ी देशों में अमेरिकी ठिकानों पर हमले कर उन्हें भारी नुकसान पहुंचाया।
edited by : Nrapendra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें