ईरान युद्ध को लेकर डोनाल्ड ट्रंप पर भड़के NCTC डायरेक्टर, 11 बार खुद युद्ध लड़ा, पत्नी को खोया, बोले- इजराइल के दबाव में छेड़ी जंग, दिया इस्तीफा
अमेरिका के 'नेशनल काउंटरटेररिज्म सेंटर' (NCTC) के निदेशक जो केंट ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफे का ऐलान कर दिया। केंट ने यह बड़ा कदम ईरान के साथ चल रहे मौजूदा युद्ध के विरोध में उठाया है। केंट ने एक्स पर बताया कि उन्होंने 'काफी सोच-विचार' के बाद पद छोड़ने का फैसला किया है। उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को लिखे पत्र में कड़े शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि ईरान से अमेरिका को कोई 'तत्काल खतरा' नहीं था और यह युद्ध केवल इजराइल और उसके शक्तिशाली अमेरिकी लॉबी के 'दबाव' के कारण शुरू हुआ है।
अंतरात्मा की आवाज नहीं दे सकता साथ
केंट ने अपने पत्र में लिखा कि मैं अपनी अंतरात्मा की आवाज को दबाकर ईरान में चल रहे इस युद्ध का समर्थन नहीं कर सकता। यह स्पष्ट है कि हमने यह युद्ध इजरायल के दबाव में शुरू किया है जबकि ईरान ने हमारे राष्ट्र के लिए कोई सीधा खतरा पैदा नहीं किया था।
11 बार युद्ध के मोर्चो पर हो चुके हैं तैनात
युद्ध में पत्नी को खोने वाले 'गोल्ड स्टार' पति का दर्द
जो केंट खुद 11 बार युद्ध के मोर्चे पर तैनात रह चुके हैं। उन्होंने पत्र में भावुक होते हुए लिखा कि वे एक 'गोल्ड स्टार' पति हैं, जिन्होंने अपनी पत्नी शैनन को 'इजराइल द्वारा निर्मित' एक युद्ध में खो दिया था। उन्होंने कहा कि मैं अगली पीढ़ी को ऐसे युद्ध में मरने के लिए भेजने का समर्थन नहीं कर सकता, जिससे अमेरिकी जनता का कोई लाभ नहीं है।
ट्रंप को दी 'भ्रम' से बाहर निकलने की सलाह
कभी ट्रंप के कट्टर समर्थक रहे हैं केंट ने कहा कि जून 2025 तक ट्रंप समझते थे कि मध्य पूर्व के युद्ध एक "जाल" हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इजरायली अधिकारियों और अमेरिकी मीडिया के एक खास समूह (Echo Chamber) ने ट्रंप को गुमराह किया है और गलत सूचनाओं के जरिए उन्हें ईरान पर हमले के लिए उकसाया है। केंट ने अंत में लिखा कि मैं प्रार्थना करता हूं कि आप इस पर विचार करें कि हम ईरान में क्या कर रहे हैं और किसके लिए कर रहे हैं। आपके पास अब भी रास्ता बदलने का मौका है।
केंट को लेकर बोले ट्रंप- वे कमजोर, अच्छा किया इस्तीफा दिया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने काउंटरटेररिज्म प्रमुख जो केंट के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनका पद छोड़ना अच्छी बात है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि जब मैंने उनका बयान पढ़ा, तो मुझे लगा कि उनका जाना सही है, क्योंकि उन्होंने कहा था कि ईरान कोई खतरा नहीं है। गौरतलब है कि जो केंट ने ईरान के खिलाफ युद्ध का विरोध करते हुए इस्तीफा दिया था और कहा था कि अमेरिका को ईरान से कोई तत्काल खतरा नहीं है। ट्रम्प ने केंट को कमजोर बताते हुए कहा कि उन्होंने ईरान को खतरा नहीं माना, जो पूरी तरह गलत है। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें