• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. अंतरराष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Modified: तुलूज , बुधवार, 21 मार्च 2012 (20:44 IST)

फ्रांस गोलीबारी : पुलिस ने ‘मुस्लिम संदिग्ध’ को घेरा

फ्रांस गोलीबारी
FILE
फ्रांस में यहूदी स्कूल के बाहर चार लोगों की हत्या करने सहित गोलीबारी की कई घटनाओं के एक संदिग्ध की पुलिस ने घेराबंदी कर रखी है। अल्जीरियाई मूल का यह ‘मुस्लिम संदिग्ध’ एक फ्लैट में है, जिसे पुलिस ने घेर रखा है और उसके आत्मसमर्पण के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि 23 साल का संदिग्ध मोहम्मद मेराह अल्जीरियाई मूल का फ्रांसीसी नागरिक है और उसने पाकिस्तान एवं अफगानिस्तान का दौरा कर रखा है।

अधिकारियों के मुताबिक मेराह ने खुद को अल कायदा का सदस्य बताया और दावा किया कि उसने फिलिस्तीनी बच्चों की मौत का बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के विशेष दल ने जब तुलूज के एक अपार्टमेंट पर आज तड़के छापा मारा तो गोलीबारी आरंभ हो गई। इसमें दो अधिकारी घायल हुए हैं।

कुछ देर बाद दोनों ओर से गोलीबारी बंद हो गई और पुलिस ने दूर से ही इस संदिग्ध से बात करना शुरू किया। इस पूरे घटनाक्रम के नौ घंटों के बाद आसपास के लोगों को इमारत से बाहर निकाला गया।

तुलूज और आस पास इलाकों में बीते कुछ दिनों के भीतर गोलीबारी की तीन घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें सात लोग मारे गए हैं। सोमवार को स्कूटर सवार बंदूकधारी ने तीन यहूदी बच्चों सहित चार लोगों की हत्या कर दी थी।

फ्रांस के राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी ने कहा कि राष्ट्रीय अखंडता को भंग करने में आतंकवाद कामयाब नहीं हो सकता। इस वक्त पूरे देश को एकजुट रहना चाहिए। इससे पहले, गृह मंत्री क्लॉडे गियंट ने इस बात की पुष्टि की थी कि संदिग्ध के बारे में फ्रांसीसी डीसीआरआई घरेलू खुफिया एजेंसी को जानकारी थी और उसे अफगानिस्तान-पाकिस्तान सीमा पर कानूनविहीन क्षेत्र में घूमते देखा गया था।

फ्रांसीसी खुफिया अधिकारियों ने काफी पहले कहा है कि दक्षिण एशिया के युद्ध क्षेत्रों की यात्रा करने वाले फ्रांसीसी आतंकवादी गंभीर खतरा हैं। दक्षिण एशिया में अल कायदा और अन्य जिहादी प्रशिक्षण केंद्र हैं।

उधर, इसराइल से मिली जानकारी के मुताबिक यहूदी स्कूल के बाहर गोलीबारी में मारे गए सभी चार लोगों के शव को इस्राइल ले जाया गया है, जहां इनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

तेल अवीव हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि रबी जोनाथन सैंडलर (30), उनके दोनों बेटों आरिएह (5) एवं गाब्रिएल (4) तथा सात साल की लड़की मरियम मोसोंनेगो के शव लाए गए हैं। (भाषा)