• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. वेबदुनिया सिटी
  4. »
  5. इंदौर
Written By Naidunia

अंचल में आँधी के साथ बारिश बच्चा 50 फुट उड़कर गिरा, मौत!

इंदौर समाचार
सोमवार देर रात और मंगलवार सुबह अंचल के कई जिलों में गरज-चमक एवं तेज आँधी के साथ बारिश हुई। आँधी ने दो बच्चों की जान ले ली व मनासा क्षेत्र के मोकड़ी गाँव में बिजली गिरने से एक की मौत हो गई।
रतलाम जिले के सरवन क्षेत्र के ग्राम वानपुरा में सोमवार रात को तेज आँधी ने जुड़वा भाइयों को अलग कर दिया। सात माह का बालक गुड्डू पिता प्रभु घर के बाहर पतरे से बँधे झूले में सो रहा था। उसके जुड़वा भाई को परिजन खिला रहे थे। शाम करीब 5 बजे अचानक तेज आँधी के कारण झूले सहित पतरा 50 फुट ऊपर उड़ गया और झूले में सो रहा गुड्डू 200 फुट दूर जा गिरा। उसे तत्काल रतलाम अस्पताल लाया गया, जहाँ उसकी मौत हो गई। इधर आलीराजपुर जिले के अमनकुआँ में एक मकान की दीवार गिरने से एक बालक की मृत्यु हो गई।
बस पलटी, 7 घायल : मल्हारगढ़ (मंदसौर) क्षेत्र में फोरलेन पर तेज आँधी के कारण मंदसौर-नीमच यात्री बस (एमपी 44 पी 207) संतुलन बिगड़ने से पलट गई। इससे सात यात्रियों को चोटें आई हैं। इनमें से 1 महिला, 1 पुरुष व 1 बच्चे को अधिक चोटें आने पर नीमच ले जाया गया।
पेड़ गिरे, पाँच घायल : रतलाम जिले सोमवार रात ढाई बजे ग्राम पीपलखूँटा के मजरा खांदनपाड़ा में कच्चे-पक्के मकान और पेड़ धराशायी हो गए। पाँच घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। धामनोद (धार) में भी रात तीन से चार बजे के कई पेड़ और बिजली के 25 खंभे धराशायी हो गए।
देवास, सोनकच्छ, मनावर, मंदसौर, मल्हारगढ़, नाहरगढ़, नीमच, कुकड़ेश्वर, महेश्वर, झाबुआ, खरगोन जिले में कई स्थानों पर आँधी के साथ बारिश हुई।