गुरुवार, 26 मार्च 2026
  1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. student was duped of Rs 1.13 lakh by a man who lured her with a job offer at Google
Last Updated : गुरुवार, 18 दिसंबर 2025 (14:30 IST)

गूगल में नौकरी का लालच दिया और छात्रा से ठग लिए 1.13 लाख रुपए, वॉट्सऐप- टेलीग्राम से जमा करवाई राशि

A student was duped of Rs 1.13 lakh by a man who lured her with a job offer at Google
इंदौर में अब बदमाशों ने ठगने के नए तरीके निकाल लिए हैं। एक छात्रा से गूगल में नौकरी के नाम पर 1.13 लाख रुपए की ठगी कर डाली। बदमाशों ने उससे वॉट्सऐप और टेलीग्राम के जरिये राशि जमा करवा ली।

एरोड्रम थाना क्षेत्र के शुभम नगर में रहने वाली एक छात्रा ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार हो गई है। अज्ञात जालसाजों ने खुद को प्रतिष्ठित कंपनी का अधिकारी बताकर छात्रा के खाते से 1 लाख 13 हजार रुपए उड़ा लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वॉट्सऐप पर ऐसे रची साजिश : ठगी की शुरुआत नवंबर महीने में एक अनजान वॉट्सऐप मैसेज से हुई। पीड़िता शिक्षा को आए मैसेज में एक महिला ने अपना नाम दिव्या मेहता बताया और खुद को एफैल इंडिया लिमिटेड की मैनेजिंग डायरेक्टर के रूप में पेश किया। आरोपी ने छात्रा को झांसा दिया कि गूगल पर ऑनलाइन ऑडिटर्स की भर्ती चल रही है, जहां वह प्रतिदिन 3 से 5 हजार रुपए तक कमा सकती है।

ऐसे फंसाया ट्रैप में : आरोपी महिला ने विश्वास जीतने के लिए छात्रा को एक होटल की लिंक भेजी और उसे 5-स्टार रेटिंग देने का काम दिया। इसके बदले छात्रा के खाते में 150 रुपए भेजे गए। छोटी रकम मिलने के बाद छात्रा का भरोसा बढ़ गया और उसे बताया गया कि उसका चयन कंपनी में हो गया है। इसके बाद जालसाजों ने छात्रा को टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा। वहां ऑनलाइन फॉर्म भरने और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर शुरुआत में 500 रुपए लिए गए। धीरे-धीरे रेटिंग टास्क के बहाने और काम के पैसे अटकने का डर दिखाकर अलग-अलग किस्तों में कुल 1 लाख 13 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए गए।

ठगी कर ऐसे हुए गायब : जब छात्रा को कोई रिटर्न नहीं मिला और उससे संपर्क तोड़ दिया गया, तब उसे ठगी का अहसास हुआ। एरोड्रम पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ केस दर्ज कर उन बैंक खातों की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है जिनमें पैसे ट्रांसफर किए गए थे। पुलिस साइबर सेल की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश कर रही है।
Edited By: Navin Rangiyal
ये भी पढ़ें
2025 में चांदी की चाल ने चौंकाया, मात्र 9 माह में तय किया 1 से 2 लाख तक सफर, असेट वैल्यू भी 3 ट्रिलियन पार