1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. Indore handed over to goons, police taking nap in AC

गुंडों के हवाले इंदौर, पुलिस ले रही AC में झपकी, बाहरी नागरिकों में पसर रहा इंदौर का खौफ, गुंडे कर रहे छवि खराब

Indore police
  • नागदा से आए दंपत्‍ति हाथ जोड़कर करते रहे प्रार्थना, उसने एक न सुनी
  • कार से टक्‍कर मारने का झूठा आरोप लगाकर धमकाता रहा गुंडा
  • 10 मिनट तक न पुलिस आई और न आम लोगों ने की मदद
इंदौर की स्‍वच्‍छता की लाख बातें कर लो। यहां के खाने पीने की हजार बातें कर लो। लेकिन इस शहर की सुरक्षा और कानून व्‍यवस्‍था को ताक में रख दिया गया है। आए दिन हत्‍याएं, चाकुबाजी, लूट और पुलिस की लापरवाही के मामले सामने आ रहे हैं। यहां तक कि पुलिस पर ही जांच के नाम पर सोने की लूट के आरोप लग रहे हैं।

इंदौर में पसरती गुंडागर्दी को जो मामला सामने आया है वो हैरान करने वाला है। इस घटना ने न सिर्फ इंदौर की इज्‍जत को मटिया-पलीत करने में कोई कसर छोड़ी है, बल्‍कि बाहर से आने वाले नागरिकों के मन में इंदौर का खौफ बना दिया है और यहां छवि खराब करने का काम किया है।


क्‍या एसी में झपकी ले रही पुलिस : वैसे तो आए दिन इंदौर में कोई न कोई शर्मिंदा करने वाली घटना सामने आती है। लेकिन यह घटना ऐसी है जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है और जिसने भी इसे देखा वो इंदौर के इन गुंडों और पुलिस की सुरक्षा व्‍यवस्‍था पर शर्मिंदा हो रहा है। यहां की हालात देखकर लगता है कि इंदौर गुंडों के हवाले हो गया है और पुलिस एसी की हवा में झपकी ले रही है, क्‍योंकि शहर में कहीं पुलिस का खौफ नहीं है।

लठ लेकर धमकाता रहा दंपत्‍ति और बच्‍चों को : दरअसल, इंदौर में सड़क चलते लोगों को गाड़ी की टक्कर लगले का बहाना बनाकर आम लोगों को और बाहरी नागरिकों को लूटने के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। इसी तरह का एक मामला एरोड्रम थाना क्षेत्र अंतर्गत बांगड़दा रोड पर हुआ। यहां एक अज्ञात बदमाश ने कार में सवार एक दंपती और उनकी दो साल की मासूम बच्ची पर डंडे से हमला करने की कोशिश की। इस पूरी घटना का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी के निवास स्थान पर दबिश दी, हालांकि आरोपी फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर है।

शादी का निमंत्रण देने नागदा से आए थे दंपत्‍ति : एरोड्रम पुलिस के मुताबिक उज्जैन के नागदा के रहने वाले अंकित सैनी अपनी पत्नी संध्या और दो साल की बेटी के साथ इंदौर आए थे। वे अपने किसी रिश्तेदार को वैवाहिक कार्यक्रम का निमंत्रण पत्र देने के लिए बांगड़दा क्षेत्र पहुंचे थे। इसी दौरान कालका माता मंदिर चौराहे के समीप एक बदमाश ने अचानक उनकी कार के सामने आकर रास्ता रोक लिया और हाथ में डंडा लेकर खड़ा हो गया।

कार का पीछा किया, रूकवाई और लठ लेकर धमकाया : राहगीर और चश्‍मदीदों के मुताबिक उसने पहले तो कार का बाहर का नंबर देखकर उसका पीछा किया। इसके बाद एक जगह कार रुकवाकर उसकी बाइक को टक्‍कर मारने का झूठा आरोप लगाया। कार के कांच खुलवाने के लिए गालियां देता रहा और डंडा तानकर देर तक धमकाता रहा। दंपत्‍ति ने इस दौरान उसका वीडियो बना लिया। वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान दुर्गा कॉलोनी निवासी मंगल शर्मा के रूप में की। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके घर पर छापा मारा, लेकिन वह वहां नहीं मिला।

मां बाप करते रहे विनति, उसने एक न सुनी : कार से टक्‍कर मारने का झूठा आरोप लगाकर वो उनसे नीचे उतरने की और लठ तानकर मारने की धमकी देते हुए गालियां देता रहा। बदमाश के उग्र व्यवहार को देखकर कार के भीतर बैठी महिला बुरी तरह डर गई और उसने हाथ जोड़कर आरोपी से परिवार को छोड़ने की प्रार्थना की। बताया जा रहा है कि आरोपी जानबूझकर वाहनों से टकराने का नाटक करता है ताकि वह वाहन चालकों को डरा-धमका सके और उनसे अवैध रूप से रुपयों की वसूली कर सके। इस बीच कार में बैठे दंपत्‍ति उससे प्रार्थना करते रहे कि भैया कार में बच्‍चे हैं, ऐसी बातें न करें, वो लगातार गुहार लगाते रहे कि बच्‍चे डर रहे हैं और हमने आपको टक्‍कर नहीं मारी। लेकिन वो पूरी गुंडागर्दी के साथ उन्‍हें धमकाता रहा। बताया जा रहा है कि उसने दंपत्‍ति से 3 हजार रुपए भी वसूले हैं।
रिपोर्ट: नवीन रांगियाल
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
बाबा बर्फानी का दूसरा धाम: जानिए चमोली की टिम्मरसैंण महादेव गुफा तक कैसे पहुंचें