इंदौर में 5 हजार के लिए कर्मचारी ने खाक कर दिया करोड़ों का कपड़ा मार्केट, ऐसे हुआ खुलासा
File photo
इंदौर में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पूर्व कर्मचारी ने सिर्फ इसलिए करोड़ों के कपड़ा मार्केट में आग लगा दी, क्योंकि उसका सेठ उसे 5 हजार रुपए नहीं दे रहा था। दरअसल, जिस दुकान में वो काम करता था, वहां उसका 5 हजार रुपए का बकाया था। बकाया नहीं मिलने पर उसने दुकान में आग लगा दी। आग पूरे मार्केट में फैल गई और 13 दुकानें जलकर खाक हो गई। सीसीटीवी में कर्मचारी की यह हरकत कैद हो गई।
घटना इंदौर के सराफा थाना क्षेत्र की है। यहां स्थित श्रृंगी ऋषि मार्केट में लगी आग से करोड़ों का कपड़ा मार्केट स्वाहा हो गया। पुलिस जांच में सामने आया कि यह आग एक पूर्व कर्मचारी ने बदले की भावना से लगाई थी। इस आगजनी में 13 दुकानें जलकर खाक हो गई। वहीं, 5-7 करोड़ रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
ऐसे खुला आग का राज : पहले घटना के बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस ने आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया था, लेकिन दुकानदारों ने अपनी जांच शुरू की तो हैरान रह गए। माही डिजाइन नामक दुकान के सीसीटीवी फुटेज में रात 3 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया। यह कोई और नहीं, बल्कि सोनम कलेक्शन के मालिक भारत का पूर्व कर्मचारी देवा था।
Edited By: Navin Rangiyal
