• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. वेबदुनिया सिटी
  4. »
  5. इंदौर
Written By Naidunia

24 घंटे में महिलाओं से लूट की तीन वारदातें

इंदौर समाचार
बाइक सवार बदमाशों ने पिछले चौबीस घंटे में तीन महिलाओं के गले से सोने की चेन व पर्स लूट लिए।
पहली वारदात विजय नगर थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस के अनुसार रेणु पति जगदीश निवासी साजन नगर ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह पति के साथ बाइक पर जा रही थी कि बाइक पर पीछे से आए दो बदमाश उसके गले से सोने की चेन ले उड़े। चेन की कीमत 15 हजार रुपए है। इसी तरह संयोगितागंज थाना क्षेत्र में विनोबा नगर निवासी शोभा पति बलराम पति के साथ जा रही थी। मूसाखेड़ी पेट्रोल पंप के पास बाइक पर आए अज्ञात बदमाशों ने उसके गले से सोने की चेन झपटी और भाग निकले। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने बदमाशों का पीछा भी किया लेकिन वे हाथ नहीं आए। तीसरी घटना अन्नापूर्णा थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस के अनुसार सुदामा नगर डी सेक्टर निवासी सोनाली पति लोकेंद्र अन्नापूर्णा मंदिर क्षेत्र में गई थी। यहाँ एक दुकान पर अपना बैग रखा और खरीदारी करने लगी। इस दौरान अज्ञात बदमाश बैग ले भागा। बैग में सोने की चेन, चाँदी की पायजेब, एटीएम कार्ड आदि रखा था। पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बालक बैग ले भागा
बैग छीनने की घटना मरीमाता चौराहा पर शंकर पिता बाबूलाल निवासी शुभम नगर के साथ भी हुई। उसने सदर बाजार थाने पर शिकायत दर्ज कराई है कि वह मरीमाता चौराहे पर खड़ा था। तभी एक अज्ञात बालक उसके हाथ से बैग छीनकर भाग निकला। पुलिस घटना की जाँच कर रही है।-नप्र