dharma sangrah
✕

केवल प्रेम भरे सपने देखती हूँ मैं

एक लंबी कविता

Written By WD
Updated: गुरुवार, 17 सितम्बर 2009 (14:44 IST)
मंजरी श्रीवास्त व
ND
ND
याद है वाजश्रवा
तुमने कहा था
मैं यवनों से नफरत करने चला
तो गालिब सामने आ गए।
मैं अँगरेजों से नफरत करना चाहता था
मगर हर बार शेक्सपीयर सामने आ जाते थे।

सोचती हूँ
तुम नफरत चाहते ही क्यों थे
क्यों जन्मा यह शब्द?
कुदरत की हसीन चाँदनी के शिकारे में
नीले आसमान के नीचे थिरकते
पानी पर बहते शिकारे में
जैसे हर बार तलाश कर लेती हूँ
प्रेम की हजारों सीपियाँ।

मेरे जीवन का एक-एक शब्द है प्रेम
ठीक वैसे ही
जैसे
मेरी कविता का एक-एक शब्द है प्रेम
जैसे एक के बाद दूसरा शब्द
जलालुद्दीन रूमी के शब्दों में कहूँ
तो प्रेम की बाँसुरी बन जाती है
मेरी कविता की हर पंक्ति

अपनी दूसरी पंक्ति में
प्रेम से चुम्बन देती है
और शायद कविता का
अंतिम शब्द लिखे जाने तक
प्रेम
शरीर और आत्मा के
सारे चमत्कारों को तोड़कर
नए प्रतीकों की चादर बिछाता है
नए अलंकारों के फूल
उस चादर पर सजाता है
और नई उपमाओं में
किसी नवदम्पत्ति की तरह
एक-दूसरे से लिपटकर सो जाता है।

वाजश्रवा!
मैं प्रेम के बिना जी ही नहीं सकती
जैसे यह कहूँ कि
मैं प्रेम के बिना कुछ भी नहीं कर सकती
सुबह, सूर्य की पहली रूमानी किरणों के
आँखों में पड़ने तक
और
मेरे चादर फेंकने से उठने तक
केवल प्रेम की ही जलकुंभियाँ
होती हैं मेरी मुट्ठी में।
दफ्तर छोड़ने, घर को लौटने और
शातिर सड़क की चहल-पहल में
केवल प्रेम भरे सपने देखती हूँ मैं।

मेरे लिए प्रेम का कोई आरंभ नहीं है।
और ना ही कोई अंत
और प्रेम से कम या प्रेम से ज्यादा भी
कुछ नहीं मेरे लिए
मेरे लिए जीवन भी प्रेम है
और मृत्यु भी

एक अनदेखी मौत
जिसे मैं स्वंय भी नहीं देख सकूँगी वाजश्रवा!
एक अनदेखी सिहरन की गुफाओं में उतर रही हूँ
शून्य में

तब भी केवल प्रेम है
बेहद अँधकार में
या शून्य में डूबते सन्नाटे में।

Show comments

सभी देखें

मच्छर के काटने से खुजली क्यों होती है? जानें वैज्ञानिक कारण और उपचार

Health Tips: बॉड़ी में शुगर कम होने पर क्या-क्या परेशानियां होती हैं, जानें काम की बातें

हाथों और आंखों में छिपे हैं लिवर की बीमारी के संकेत! भूलकर भी न करें इन्हें नजरअंदाज

बारिश के मौसम में चाय के साथ बनाएं ये 5 परफेक्ट कॉम्बिनेशन वाले क्रिस्पी स्नैक्स, हर कोई करेगा तारीफ

समय रहते अगर हो जाए लक्षणों की पहचान, तो कैंसर जैसे रोगों का उपचार भी संभव

सभी देखें

गर्मियों में ही नहीं, सर्दियों में भी फायदेमंद हैं ये खाद्य पदार्थ

सुबह उठते ही अपनाएं ये घरेलू उपाय, दिनभर रहेंगे तरोताजा

रोजाना खाएं ये चीजें, शरीर को मिलेंगे कई फायदे

Guru Tegh Bahadur Shaheedi Diwas 2026: आखिर क्यों 'हिंद की चादर' कहलाए सिखों के नौवें गुरु? जानें उनकी शहादत से जुड़ी 5 अनसुनी बातें

श्री गुरु नानक देव जी के विचारों के प्रकाश में आज का समाज और राजनीति