शनिवार, 19 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. चुनाव 2024
  2. विधानसभा चुनाव 2024
  3. हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024
  4. election 2024 : voting in haryana on 90 seats
Last Updated : शनिवार, 5 अक्टूबर 2024 (09:03 IST)

हरियाणा की सभी 90 सीटों पर मतदान का उत्साह, वोटिंग के लिए लगी कतारें

manohar lal khattar voting
Haryana elections 2024 : हरियाणा की 90 विधानसभा सीट के लिए कुल 20,632 मतदान केंद्रों पर शनिवार को सुबह 7 बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। लोगों में वोटिंग का उत्साह दिखाई दे रहा है। कई मतदान केंद्रों कर कतारें लगी हुई है। मतदान शाम छह बजे तक होगा। मतगणना 8 अक्टूबर को होगी।
 
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल के अनुसार 2,03,54,350 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं जिनमें 8,821 मतदाता सौ वर्ष से अधिक उम्र के हैं।
कुल 1,031 उम्मीदवार 90 सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं जिनमें 101 महिलाएं हैं। इन उम्मीदवारों में 464 निर्दलीय हैं।
 
दिग्गजों ने डाले वोट : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व सीएम और केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्टर, कांग्रेस नेता कुमारी शैलजा, दुष्यंत चौटाला, विनेश फोगाट, ओलंपियन मनु भाकर समेत कई दिग्गजों ने आज सुबह मतदान किया। उन्होंने राज्य के लोगों से भी वोट डालने की अपील की।   
 
दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर : इस चुनाव में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुडा, कांग्रेस प्रत्याशी विनेश फोगाट, जननायक जनता पार्टी (जजपा) के दुष्यंत चौटाला और 1027 अन्य उम्मीदवारों की राजनीतिक किस्मत का फैसला होगा। सत्तारूढ़ भाजपा लगातार तीसरी बार राज्य की सत्ता हासिल करने की कोशिश कर रही है, वहीं कांग्रेस एक दशक के बाद सरकार में वापसी की उम्मीद कर रही है।
 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हरियाणा के मतदाताओं से 90 सदस्यीय राज्य विधानसभा के लिए शनिवार को जारी मतदान में रिकॉर्ड संख्या में वोट डालने का अनुरोध किया। प्रधानमंत्री मोदी ने पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे युवा मतदाताओं को शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मैं सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा लेने और मतदान का एक नया रिकॉर्ड बनाने की अपील करता हूं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को मतदान आरंभ होने के बाद लोगों से बड़ी संख्या में मतदान की अपील की और कहा कि यदि हरियाणा का भविष्य बदलना है तो ईवीएम बटन दबाने की गूंज दिल्ली तक सुनाई देनी चाहिए।

गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, राहुल गांधी समेत कई दिग्गजों ने भी हरियाणा वासियों से वोट डालने की अपील की है। 
Edited by : Nrapendra Gupta 
ये भी पढ़ें
कौन बनेगा हरियाणा का मुख्यमंत्री, वोटिंग के बाद अनिल विज ने दिया बड़ा बयान