Daily Horoscope
✕

एक विजय गाथा है विजयादशमी

आत्मा का विजय पर्व है दशहरा

Written By WD
Updated: सोमवार, 22 अक्टूबर 2012 (15:15 IST)
FILE

विजयादशमी रामकथा का उत्कर्ष और चरम तो है ही, यह भारतवर्ष की प्रकृति और लोक की उत्सवावृत्ति का भी गतिमय गीत है। एक विजय गीत है। एक जय गाथा है। उत्सवप्रिया की प्रतीक्षा का आनंद में पर्यावसान है। एक संघर्ष का विराम है। अशुभ का अंत है। एक सत्य की अनगिनत रश्मियों में उतरती ज्योति है। राम कथा मन्दाकिनी है। एक बहती हुई स्रोतस्वनी है। इसमें वानस्पतिक संसार का, लोक का, समय का, देश का बहुस्वादी जल आकर मिला है।

हजारों वर्षों पूर्व इस भूमि पर मानव इतिहास की एक अभूतपूर्व और अविस्मरणीय घटना घटी। वह सद् की असद् पर विजय की गाथा बन गई। राम सत्य हैं। इसलिए वे अपराजेय तो हैं ही, उनकी शक्ति भी अमोघ है। राम-रावण का युद्ध सत्य और असत्य, धर्म और अधर्म के बीच हुआ ऐसा संग्राम है, जिसने सामाजिक संदर्भों को प्रभावित भी किया और उसके अंतस में मूल्यों को स्थापित भी किया।

राम कथा की मन्दाकिनी में हजारों वर्षों से नित-नया जुड़ता चला गया। जुड़ रहा है। विजय पर्व आज अकेला राम का जयघोष नहीं, वह भारत वर्ष की व्यापकता में समाहित राम का विजय घोष बन गया है। इस देश एवं समाज की व्यापकता में अन्तर्निहित राम से तात्पर्य उस ऊर्जा से है, जो संघर्ष में थकती नहीं। अंधेरे से डरती नहीं। असत्य से हारती नहीं। अपने एकान्त में टूटती नहीं। मौसमी हवाओं से बुझती नहीं विपरीतताओं के आगे झुकती नहीं। जो संघर्ष का उत्तर प्रति संघर्ष से और आराधन का उत्तर दृढ़ आराधन से देना जानती है।
FILE

विजय पर्व में यह ऊर्जा कई कोणों से आकर राम कथा की धारा का ही नहीं, बल्कि इस देश की चेतना का या आत्मा का उत्सव रचती है। जब विजयादशमी होती है, तो उस उल्लास में शुम्भ-निशुम्भ को बिदारने का संकल्प-फल भी है। आदिशक्ति का ताली बजा-बजाकर अपने दल के साथ नृत्य भी है। शरद की दूधिया चांदनी में नहाई राधा और राधा के नेह में भींगते कृष्ण का अनुराग भी है।

झरती हुई शरद ज्योत्सना और ओस से भारी होती रजनी में श्रीकृष्ण और गोपियों के महारास का रस भी है। जीव तथा ब्रह्म के रिश्तों का नेह-छोह भी है। जड़त्व के खिलाफ बीज का अंकुरित होकर नए बीज की सृष्टि की अदम्य जिजीविषा भी है। शाल्य पूजन और महालक्ष्मी की अगवानी की आकुल-आतुरता भी है। और स्वाति नक्षत्र में बरसती बूंद के साथ ही चातक की प्यास की अमरता भी है।

झरती हुई शरद ज्योत्सना और ओस से भारी होती रजनी में श्रीकृष्ण और गोपियों के महारास का रस भी है। जीव तथा ब्रह्म के रिश्तों का नेह-छोह भी है। जड़त्व के खिलाफ बीज का अंकुरित होकर नए बीज की सृष्टि की अदम्य जिजीविषा भी है।

विजयादशमी के संदर्भ न तो एक दिवसीय हैं, और न ही एक देशीय। एक देशीय से तात्पर्य, यह केवल अयोध्या के प्रजातांत्रिक राजतंत्र या केवल भारतवर्ष तक सीमित नहीं हैं। मानवीय मूल्यों की प्रसार क्षमता भूगोल की सीमाओं को तोड़कर भूमंडलीकृत होने की होती है। लोक शास्त्र, पुराण और मिथकों के सूत्र इस पर्व से जुड़ते हैं। इन प्रसंगों में विजयादशमी की पीठिका राम जन्म या इसके भी पूर्व से आरंभ होती है।

Show comments

सभी देखें

Aaj ka panchang: आज का शुभ मुहूर्त: 23 नवंबर 2026: सोमवार का पंचांग और शुभ समय

22 November Birthday: आपको 22 नवंबर, 2026 के लिए जन्मदिन की बधाई!

Aaj Ka Rashifal: आज 22 नवंबर, 2026 का दैनिक राशिफल: मेष से मीन तक 12 राशियों का भविष्यफल

Lal Kitab Tula Rashifal 2027: छठे भाव के शनि दिलाएंगे विरोधियों पर बड़ी जीत, पर चौथे राहु से संभलकर रहें तुला राशि वाले! पढ़ें लाल किताब की भविष्यवाणी

घर में कौनसे पौधे लगाना माना जाता है शुभ? जानें वास्तु नियम

सभी देखें

बेडरूम में इन चीजों को रखने से बचें, बिगड़ सकता है वास्तु

Aaj ka panchang: आज का शुभ मुहूर्त: 22 नवंबर 2026: रविवार का पंचांग और शुभ समय

घर में कहां रखें मनी प्लांट? जानिए वास्तु का सही नियम

Dev Diwali 2026: 24 नवंबर को है पुष्कर महास्नान, जानें क्यों इसके बिना अधूरी मानी जाती है चार धाम की यात्रा

Lal Kitab Singh Rashifal 2027: छठे भाव के राहु दिलाएंगे शत्रुओं पर विजय, पर अष्टम शनि से रहना होगा सावधान! जानें सिंह राशि का पूरा हाल