शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट विश्व कप 2019
  3. समाचार
  4. Rohit Sharma
Written By
Last Modified: शनिवार, 6 जुलाई 2019 (22:57 IST)

'हिटमैन' रोहित शर्मा ने 5वें शतक के साथ तोड़ा संगकारा का विश्व रिकॉर्ड

Rohit Sharma। 'हिटमैन' रोहित शर्मा ने 5वें शतक के साथ तोड़ा संगकारा का विश्व रिकॉर्ड - Rohit Sharma
लीड्स। 'हिटमैन' के नाम से मशहूर रोहित शर्मा ने 1 विश्व कप में 5 शतक बनाने का नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया है। रोहित ने श्रीलंका के कुमार संगकारा के 1 विश्व कप में 4 शतक बनाने के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ दिया। 'हिटमैन' के नाम से मशहूर भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा ने इंग्लैंड में चल रहे विश्व कप में 600 रन पूरे कर लिए हैं।
 
रोहित ने शनिवार को श्रीलंका के खिलाफ विश्व कप मुकाबले में 103 रनों की शानदार पारी खेली, जो इस विश्व कप में उनका 5वां शतक था। रोहित ने बांग्लादेश के खिलाफ पिछले मुकाबले में 104 रन बनाए थे। रोहित ने अपने 5वें शतक के साथ ही संगकारा के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ दिया। संगकारा ने 2015 के विश्व कप में 4 शतक बनाए थे।
 
रोहित ने इस विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 122, पाकिस्तान के खिलाफ 140, इंग्लैंड के खिलाफ 102, बांग्लादेश के खिलाफ 104 और श्रीलंका के खिलाफ 103 रन बनाए हैं। रोहित के विश्व कप में ओवरऑल 6 शतक हो गए हैं और इसके साथ ही वे विश्व कप इतिहास में सर्वाधिक शतक बनाने के मामले में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की बराबरी पर पहुंच गए हैं।
 
भारत के सचिन तेंदुलकर ने विश्व कप में 44 पारियों में 6 शतक बनाए थे जबकि रोहित ने मात्र 16 पारियों में 5 शतक बना डाले हैं। रोहित के करियर का यह 27वां शतक है और अब वे वनडे में सर्वाधिक शतक बनाने के मामले में अब दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला (27) की बराबरी पर पहुंच गए हैं। उनसे आगे अब श्रीलंका के सनथ जयसूर्या (28), ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग (30), भारत के विराट कोहली (41) और सचिन (49) हैं। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
कांग्रेस सांसद शशि थरूर बोले, भगवा गौरवशाली भारतीय रंग