• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. Corona cases in India exceed 26.41 lakh, more than 50 thousand deaths
Written By
Last Updated : सोमवार, 17 अगस्त 2020 (00:57 IST)

भारत में Corona के मामले 26.41 लाख के पार, 50 हजार से ज्यादा मौतें

भारत में Corona के मामले 26.41 लाख के पार, 50 हजार से ज्यादा मौतें - Corona cases in India exceed 26.41 lakh, more than 50 thousand deaths
नई दिल्ली। देश में रविवार रात तक कोरोनावायरस (Covid-19) संक्रमण के 52 हजार से अधिक मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या 26.41 लाख के पार पहुंच गई तथा 884 और लोगों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 51 हजार के करीब पहुंच गई लेकिन राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर 72 फीसदी के पार पहुंच गई है।
 
विभिन्न राज्यों से मिली जानकारी के अनुसार आज देर रात तक 52,088 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या 26,41,296 हो गई तथा मृतकों की संख्या 50,969 हो गई है। स्वस्थ होने वालों की दर में निरंतर हो रही वृद्धि के बावजूद संक्रमण के नए मामले बढ़ने से देश में इस दौरान सक्रिय मामलों में 1,087 की बढ़ोतरी हुई, जिससे इनकी संख्या 6,78,531 हो गई है।
 
राहत की बात यह है कि इस दौरान 50,620 लोगों के स्वस्थ होने से संक्रमण मुक्त होने वालों की संख्या भी 19,11,292 पर पहुंच गई। इस प्रकार स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर बढ़कर आज 72.36 प्रतिशत हो गई, जो रविवार को 71.72 फीसदी थी जबकि मृत्यु दर घटकर 1.92 फीसदी रह गई।
 
राज्यों से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक महाराष्ट्र में सबसे अधिक 11,111 मामले सामने आए। इसके बाद आंध्र प्रदेश में 8,012, कर्नाटक में 7,040, तमिलनाडु में 5,950, उत्तर प्रदेश में 4,357, ओडिशा में 2,942, बिहार में 2,187, केरल में 1530, पंजाब में 1165, गुजरात में 1120, मध्य प्रदेश में 1022 तथा राजधानी दिल्ली में महज 652 मामले सामने आए।
 
कोरोना महामारी से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में नए मामलों के साथ संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5,95,865 पहुंच गई। राज्य में पिछले 24 घंटों में 8,837 मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण मुक्त होने वालों की संख्या भी 4,17,123 हो गई। इस दौरान 288 और लोगों की इससे मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 20,037 हो गई है।
राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर आज आंशिक वृद्धि के साथ बढ़कर 70 फीसदी हो गई जो शनिवार को 69.82 प्रतिशत थी जबकि मरीजों की मृत्यु दर भी घटकर 3.36 प्रतिशत पर आ गई। राज्य में कुल सक्रिय मामलों की संख्या आज 1,58,395 रही जो शनिवार को 1,56,409 रही थी। सक्रिय मामलों में 1,986 मरीजों की वृद्धि दर्ज की गई जो बड़ी चिंता की बात है।
 
आंध्र प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामले घटकर 85,945 रह गए है शनिवार को यह संख्या 88,138 थी। पिछले 24 घंटों के दौरान 8,012 नए मामले सामने आने से आज संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,89,829 हो गई है। इस दौरान 88 और लोगों की मौत के बाद मृतकों का आंकड़ा 2,650 पहुंच गया है। इस अवधि में 10,117 मरीजों के स्वस्थ होने से रोग मुक्त लोगों की संख्या दो लाख के पार होकर 2,01,234 तक पहुंच गई है।
 
कर्नाटक में पिछले 24 घंटों के दौरान 7040 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या दो लाख को पार कर बढ़कर 2,26,966 हो गई है। इस दौरान 6,680 मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या एक लाख को पार कर 1,41,491 हो गई है।
 
इसी अवधि में 124 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 3,947 हो गई है और राज्य में सक्रिय मामलों में वृद्धि हुई है। आज राज्य में सक्रिय मामले बढ़कर 81,512 हो गए, शनिवार को यह संख्या 81,276 थी।
 
तमिलनाडु में कोरोना के 5,950 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,38,055 हो गई है। इस दौरान 6,019 मरीजों के स्वस्थ होने से रोगमुक्त लोगों की संख्या बढ़कर 2,78,270 हो गई है। इसके साथ ही मरीजों के स्वस्थ हाेने की दर 81 फीसदी से अधिक पहुंच गई है।

राहत की एक और बात यह है कि राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या में 194 की कमी दर्ज की गई है। राज्य में आज 54,019 सक्रिय मामले हैं कल यहां संख्या 54,213 थी। राज्य में इसी अवधि में 125 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 5,766 हो गई है।
 
आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़ी है, जिससे सक्रिय मामले 51 हजार के पार होकर 51,537 हो गए हैं तथा इस महामारी से 2449 लोगों की मौत हुई है जबकि 1,00,432 मरीज ठीक हुए हैं।
सक्रिय मामलों में इसके बाद बिहार का स्थान है, जहां यह संख्या कम होकर 30,989 हो गई है। राज्य में 537 लोगों की मौत हुई है जबकि 72,566 लोग संक्रमण मुक्त भी हुए हैं।
 
देश के पूर्वी राज्य पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 27,299 सक्रिय मामले हैं तथा 2,428 लोगों की मौत हुई है, वहीं अब तक 86,771 लोग स्वस्थ हुए हैं। तेलंगाना में कोरोना के 22,542 सक्रिय मामले हैं और 693 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 68,126 लोग इस महामारी से ठीक हुए हैं। गुजरात में सक्रिय मामले बढ़कर 14,402 रह गए हैं तथा 2,785 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 61,596 लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं।
 
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटों में सक्रिय मामले घटकर 10,823 हो गए हैं जबकि संक्रमण के कारण मरने वालों की संख्या 4,196 हो गई है तथा अब तक 1,37,561 मरीज रोगमुक्त हुए हैं।
 
कोरोना महामारी से अब तक मध्यप्रदेश में 1105, राजस्थान में 876, पंजाब में 812, हरियाणा में 538, जम्मू-कश्मीर में 542, ओडिशा में 396, झारखंड में 229, असम में 189, उत्तराखंड में 152, केरल में 157, छत्तीसगढ़ में 141, पुड्डुचेरी में 110, गोवा में 104, त्रिपुरा में 55, चंडीगढ़ में 29, अंडमान निकोबार द्वीप समूह में 28, हिमाचल प्रदेश में 18, मणिपुर में 16, लद्दाख में 10, नागालैंड में सात, मेघालय में छह, अरुणाचल प्रदेश में पांच, दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में दो तथा सिक्किम में एक व्यक्ति की मौत हुई है।