- खबर-संसार
» - चुनाव
» - छत्तीसगढ़
चिंता राजयोग की!
रायपुर। चुनाव लड़कर विधायक बनने का सपना देख रहे छोटी पार्टियों के कई प्रत्याशियों के भाग्य में शायद राजयोग नहीं है। फटाफट टिकट बाँटने वाले छोटे दलों ने ऐसे उम्मीदवारों को बदलने के संकेत दिए हैं, जिनके खिलाफ विरोध मुखर हो गया है और जिन पर निष्क्रियता के आरोप लग रहे हैं। टिकट पाकर जनसंपर्क में जुटे ऐसे प्रत्याशियों को राजयोग की चिंता सताने लगी है। बहुजन समाज पार्टी ने 90 में से 86 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। इसी प्रकार समाजवादी पार्टी, शिवसेना, छत्तीसगढ़ विकास पार्टी, जय छत्तीसगढ़ पार्टी, भारतीय जनशक्ति पार्टी (प्रहलाद), रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया, भाकपा माले आदि ने भी कुछ सीटों पर प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। बताया जाता है कि इन पार्टियों के घोषित प्रत्याशियों में से कुछ के खिलाफ नामांकन-पत्र भरने के पहले ही पार्टी के भीतर ही विरोध के स्वर उभरने लगे हैं। वहीं, कुछ प्रत्याशियों पर निष्क्रियता के आरोप लग रहे हैं। इस मद्देनजर कुछ पार्टियाँ चुनाव में नुकसान से बचने घोषित प्रत्याशियों को बदलने पर गंभीरता से विचार कर रही हैं। छत्तीसगढ़ विकास पार्टी ने ऐसे तीन प्रत्याशियों को बदलने का मन बना लिया है। प्रदेश अध्यक्ष पीआर खुंटे ने स्वीकार किया है कि नामांकन दाखिले से पहले प्रत्याशी बदले जा सकते हैं। तीसरा मोर्चा के साथ उनकी बातचीत चल रही है। इसके बाद भी प्रत्यकशी फाइनल होंगे। बहुजन समाज पार्टी भी कुछ उम्मीदवारों को बदलने की तैयारी में है। एक-दो सीटों पर प्रत्याशी बदल दिए जाने की भी चर्चा है। हालाँकि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दाऊराम रत्नाकर ने फिलहाल किसी प्रत्याशी को बदलने से साफ इनकार किया है, लेकिन उनका यह भी कहना है कि परिस्थितियों के अनुरूप कुछ सीटों पर प्रत्याशी बदले जा सकते हैं। समाजवादी पार्टी ने 20 सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए गए हैं। प्रचार अभियान भी शुरू हो गया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बलराम सिंह यादव का कहना है कि फिलहाल किसी प्रत्याशी को बदला नहीं गया है, लेकिन भविष्य में बदले जाने से भी इंकार नहीं किया जा सकता। भारतीय जनशक्ति पार्टी (प्रहलाद) के अभी 10 प्रत्याशी घोषित हुए हैं। इसके अलावा पार्टी की 15 सीटों पर और लड़ने की तैयारी है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राजीव लोचन श्रीवास्तव के मुताबिक कुछ निष्क्रिय प्रत्याशियों को बदलकर जीतने योग्य सक्रिय कार्यकर्ता को टिकट दिया जा सकता है।शिवसेना ने भी 45 प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। इनकी सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी है। इसके पहले घोषित प्रत्याशियों में फेरबदल के संकेत मिले हैं। पार्टी प्रवक्ता संतोष शुक्ला ने का कहना है कि अभी किसी प्रत्याशी को बदला नहीं किया गया है। इस मामले में परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लिया जाएगा। (नईदुनिया)