‘रावण’ के लिए मणिरत्नम ने जितनी मेहनत खुद की है और अपने कलाकारों से करवाई है, शायद ही पहले उन्होंने किसी फिल्म के लिए की हो। ऐसे लोकेशन पर फिल्म को शूट किया गया है, जहाँ तक सारे साधनों के साथ पहुँचना बेहद मुश्किल था। फिल्म के स्टार्स के लिए कोई सुविधा नहीं थी। फिल्म बनने में इतना समय और ऊर्जा लगी कि इतने में तो फिल्म के कलाकार दो-तीन फिल्म कर सकते थे, लेकिन फिल्म के स्टार्स अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राज ने कभी कोई शिकायत नहीं की। फिल्म के सेट पर कई दुर्घटनाएँ घटीं, लेकिन इससे पूरी यूनिट के उत्साह में कोई कमी नहीं आई।
‘रावण’ की कहानी के तीन मुख्य पात्र हैं। बीरा मुंडा (अभिषेक बच्चन), देव प्रताप शर्मा (विक्रम) और रागिनी (ऐश्वर्या राय)। बीरा किसी कानून को नहीं मानता है। वो जो कहता है वही निर्विवाद रूप से कानून बन जाता है। देव का काम है कानून का पालन करवाना।
रागिनी एक क्लासिकल डांसर है और देव को दिल दे बैठती है। दोनों शादी कर लेते हैं। उत्तरी भारत के एक छोटे शहर लाल माटी में देव की पोस्टिंग होती है और वे दोनों वहाँ पहुँच जाते हैं।
लाल माटी ऐसा शहर है जहाँ पुलिस का नहीं बल्कि बीरा का कानून चलता है। बीरा एक अादिवासी है और वर्षों से उस क्षेत्र में उसके नाम का डंका बजता है। देव इस बात से भलीभाँति परिचित है कि यदि उसे शहर में कानूनी व्यवस्था और शांति फिर से लौटाना है तो उसे बीरा नामक बड़ी मछली को फाँसना होगा।
बीरा की दुनिया को देव हिलाकर रख देता है और उसकी पकड़ से बीरा बाल-बाल बच निकलता है। घायल शेर की तरह बीरा वापसी करता है और देव, बीरा और रागिनी की युद्धभूमि जंगल बन जाता है।
घने और डरावने जंगल में उनका सामना अपने ही सच से होता है। यह यात्रा उनके विश्वास और भावनाओं का इम्तिहान लेती है। भावनाएँ भी जंगल की तरह भ्रामक और डरावनी हैं।
इस जंगल में अच्छाई बनाम बुराई की लड़ाई होती है। एक तरफ देव है तो दूसरी ओर बीरा। एक तरफ राम है तो दूसरी ओर रावण। लेकिन अच्छाई और बुराई के बीच की रेखा तेजी से धुँधली होती जाती है, समझ में नहीं आता कि हम किसके साथ हैं। जब नफरत प्यार में बदलने लगती है और अच्छाई में बुराई नजर आने लगती है। समझ में नहीं आता कि हम किसकी ओर से लड़ें।