रणबीर कपूर ने बढ़ाई प्राइस!
रॉकस्टार भले ही कुछ लोगों को पसंद न आए, लेकिन एक बात तो तय है कि सभी रणबीर कपूर के अभिनय से बेहद प्रभावित हैं। यह रणबीर की अब तक की श्रेष्ठ फिल्म बताई जा रही है। जहां तक फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर प्रदर्शन का सवाल है, तो लगभग 60 करोड़ रुपये में बनी यह फिल्म मुनाफे का सौदा है। लेकिन बहुत ज्यादा मुनाफे की आशा करना व्यर्थ है क्योंकि सिंगल स्क्रीन और छोटे शहरों में इस फिल्म का व्यवसाय औसत से भी नीचे है।
PR |
रणबीर तो इसे शायद सुपरहिट मान रहे हैं और खबर है कि उन्होंने अपनी प्राइस बढ़ा दी है। सूत्रों के अनुसार रणबीर को अब तक सात से आठ करोड़ रुपये प्रति फिल्म में काम करने के लिए मिलते हैं। रॉकस्टार रिलीज होने के बाद हाल ही में उन्हें एक फिल्म निर्माण कंपनी ने एप्रोच किया। बात जब प्राइस की आई तो रणबीर ने 15 करोड़ रुपये की मांग कर दी। एकदम डबल प्राइस सुनकर वे लोग चौंक गए और उन्होंने फिलहाल कोई जवाब नहीं दिया है।
इस बात में कोई शक नहीं है कि रणबीर की लोकप्रियता का ग्राफ लगातार ऊंचा उठ रहा है। रॉकस्टार के बाद उनकी प्रशंसकों की संख्याक बहुत बढ़ गई है, लेकिन रणबीर को अपनी प्राइस के मामले में थोड़ा नियंत्रण रखना चाहिए।
रणबीर को अजय देवगन, संजय दत्त या धर्मेन्द्र जैसे सितारों से सबक लेना चाहिए जिन्होंने लगातार हिट फिल्म देने के बावजूद अपनी प्राइस ज्यादा नहीं बढ़ाई, लिहाजा उनका करियर काफी लंबा रहा। हां, जिस दिन रणबीर, अमिताभ या शाहरुख या आमिर जैसे सुपरस्टार बन जाएं, लगातार हिट फिल्म दें, वे जो चाहे प्राइस ले सकते हैं।

