राजकुमार राव-कीर्ति सुरेश की फिल्म 'रफ्तार' की रिलीज डेट का ऐलान, स्टार्टअप की दुनिया पर आधारित होगी कहानी
अमेज़न MGM स्टूडियोज ने अपनी नई फिल्म 'रफ्तार' की रिलीज डेट की घोषणा कर दी है। इस फिल्म में राजकुमार राव और कीर्ति सुरेश लीड रोल में नजर आने वाले हैं। आदित्य निंबालकर के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म को 'कांपा फिल्म' के बैनर तले पत्रलेखा ने प्रोड्यूस किया है।
फिल्म के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर तरुण बाली हैं और इसकी कहानी व स्क्रीनप्ले रोहन नरूला ने लिखा है। फिल्म में अनुराग ठाकुर, रोहन वर्मा, तान्या मानिकतला और रजत कपूर जैसे टैलेंटेड एक्टर्स भी अहम किरदारों में नज़र आएंगे। 'रफ़्तार' 24 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने के लिए तैयार है।
'रफ़्तार' की कहानी एक ऐसी दुनिया पर आधारित है जहां बड़े सपने साम्राज्य खड़े करते हैं, और कामयाबी की एक भारी कीमत चुकानी पड़ती है। इसकी कहानी एक तेज़ी से आगे बढ़ते स्टार्टअप और एक जुनूनी आदमी व उतनी ही महत्वाकांक्षी महिला के बीच के उतार-चढ़ाव वाले रिश्ते के इर्द-गिर्द घूमती है।
जैसे-जैसे पैसा, पावर और लालच बढ़ता है, उनकी जीतने की भूख प्यार के आड़े आने लगती है। कामयाबी का यह सफर जितना रोमांचक है, गिरने के बाद सवाल उतना ही सीधा है: क्या वे लड़कर फिर से टॉप पर पहुँच पाएंगे, या फिर यहीं सब खत्म हो जाएगा?