मशहूर सिंगर जुबीन गर्ग का हुआ निधन, सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान हादसे में गई जान
मशहूर सिंगर जुबीन गर्ग का महज 52 साल की उम्र में निधन हो गया है। सिंगर की मौत सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग करते वक्त एक दुखद हादसे में हुई। जुबीन गर्ग को फिल्म 'गैंगस्टर' के गाने 'या अली' से जबरदस्त लोकप्रियता मिली थी। सिंगर के अचानक निधन से इंडस्ट्री में शोक की लहर है।
असम के कैबिनेट मंत्री अशोक सिंघल ने एक पोस्ट शेयर कर जुबिन के निधन की पुष्टि की है। उन्होंने लिखा, हमारे प्रिय जुबिन गर्ग के असमय निधन से गहरा दुख पहुंचा है। असम ने न केवल एक आवाज खोई है, बल्कि एक धड़कन भी। जुबिन दा केवल एक गायक ही नहीं थे, वे असम और देश के गौरव थे।
उन्होंने लिखा, उनके गीतों ने हमारी संस्कृति को दुनिया के हर कोने तक पहुंचाया। उनके परिवार, दोस्तों और असंख्य प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे और उनकी विरासत सदैव प्रेरणा देती रहे। ओम शांति।
खबरों के अनुसार जुबीन गर्ग सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग का आनंद ले रहे थे, तभी अचानक हादसा हो गया। उन्हें तुरंत समुद्र से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की खूब कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सकता। जुबिन को आज सिंगापुर में नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में प्रस्तुति देनी थी।
कौन थे जुबीन गर्ग
1972 में मेघालय में जन्मे जुबीन एक असमिया गायक थे। उनका असली नाम जुबीन बोरठाकुर था। जुबीन ने कम उम्र में ही संगीत की शिक्षा लेना शुरू कर दिया था। 20 साल की उम्र में उन्होंने अपना पहला असमिया एल्बम 'अनामिका' रिलीज किया। 2006 में उन्होंने फिल्म 'गैंगस्टर' का गाना 'या अली' गाया। इस चार्टबस्टर की सफलता ने उन्हें देश भर में प्रसिद्धि दिलाई।
जुबीन गर्ग ने अपने 30 साल के करियर में 40 से ज्यादा भाषाओं में 38 हजार से अधिक गाने रिकॉर्ड किए, जिससे वह भारत के सबसे अधिक प्रोडक्टिव गायकों में से एक बन गए। जुबिन ने दिल से, फिजा, मुझे कुछ कहना है, कृष 3 और नमस्ते लंदन जैसी फिल्मों के गानों को आवाज दी।