होली के दिन करणवीर बोहरा पर टूटा दुखों का पहाड़, पिता महेंद्र बोहरा का निधन
मनोरंजन जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। होली पर जहां देशभर में जश्न का माहौल था, वहीं टीवी एक्टर करणवीर बोहरा पर दुखों का पहाड़ टूट गया। करणवीर के पिता और दिग्गज फिल्म प्रोड्यूसर महेंद्र बोहरा का निधन हो गया है। महेंद्र बोहरा के जाने से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है।
करणवीर ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक नोट लिखकर अपने पिता को अंतिम विदाई दी है। करणवीर ने अपने पिता संग कई तस्वीरें शेयर की। इसके साथही पिता की याद में एक लंबा पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा कि उनके पिता हमेशा चाहते थे कि वे इस दुनिया से पूरी गरिमा के साथ विदा हों।
करणवीर ने लिखा, लव यू डैड। आपकी कमी को शब्द कभी पूरा नहीं कर पाएंगे। जिस किसी ने भी अपने माता-पिता को खोया है, वह उस दर्द को समझ सकता है। लेकिन इस दुख के बीच मुझे सुकून है कि आपने एक शानदार और भरपूर जीवन जिया। आप बिल्कुल वैसे ही गए जैसा आप चाहते थे—शांति से और बिना किसी दर्द के। आप हमेशा कहते थे कि आप 'बूट पहनकर' इस दुनिया से जाना चाहते हैं और आपने ठीक वैसा ही किया। मजबूत और स्वाभिमानी।
उन्होंने लिखा, आपने मुझे सिखाया कि जीवन चाहे कितना भी कठिन क्यों न हो, कभी उम्मीद मत छोड़ना। गिरकर फिर से संभलना, उत्साह और सकारात्मकता के साथ जीना और कभी हार न मानना—यह सब मैंने आपसे सीखा। आपकी आत्मा अजेय थी और आपने सुनिश्चित किया कि वह मुझमें भी जीवित रहे।
उन्होंने आगे लिखा, दीदी और मैं काफी प्राउड और ब्लेस्ड महसूस करते हैं। हम हमेशा ग्रेटफुल रहेंगे हमने आपके बच्चों के रूप में जन्म लिया। पाप... मेरी जान, मेरा दिल तुझ पर कुर्बान... हमेशा।
महेंद्र बोहरा बॉलीवुड के एक प्रतिष्ठित फिल्म निर्माता थे। वे मूल रूप से जोधपुर, राजस्थान के एक फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखते थे। वे प्रसिद्ध फिल्म निर्माता रामकुमार बोहरा के बेटे थे। महेंद्र बोहरा ने कई दशकों तक फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय रहकर बेहतरीन काम किया।