आदित्य धर के निर्देशन में बनी स्पाई थ्रिलर फिल्म 'धुरंधर' बॉक्स ऑफिस पर जमकर धमाल मचाया। फिल्म को दुनियाभर के फैंस का खूब प्यार मिला। यह फिल्म भारतीय खुफिया एजेंसी के उन जांबाजों की कहानी है, जिन्होंने देश की सुरक्षा के लिए अपनी पहचान तक दांव पर लगा दी।
फिल्म के सीन इतने प्रभावशाली हैं कि न केवल दर्शक, बल्कि फिल्म के मुख्य सितारे भी शूटिंग के दौरान खुद पर काबू नहीं रख पाए। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान आर माधवन ने फिल्म के सेट से एक ऐसा भावुक किस्सा साझा किया है, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया है।
फिल्म 'धुरंधर' में अक्षय खन्ना ने रहमान डकैत और अर्जुन रामपाल ने ISI मेजर इकबाल का किरदार निभाया है। फिल्म की पटकथा के अनुसार, एक सीन 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों पर आधारित था। पर्दे पर इन किरदारों को इस भयानक हमले के बाद जश्न मनाते हुए दिखना था।
सोनिया शिनॉय के साथ बातचीत में आर माधवन ने खुलासा किया कि यह सीन इन दोनों ही कलाकारों के लिए भावनात्मक रूप से काफी भारी था। जैसे ही डायरेक्टर ने 'कट' बोला, अक्षय खन्ना और अर्जुन रामपाल अपने आंसू नहीं रोक पाए और फूट-फूटकर रोने लगे।
आर माधवन ने कहा, जब एक्टर्स ये सीन परफॉर्म कर रहे थे, जिसमें वे बॉम्बे पर हुए हमले का जश्न मना रहे थे, क्योंकि वो भारतीय कलाकार थे, मगर पाकिस्तानी किरदारों की भूमिका निभा रहे थे। वो सीन खत्म होने के बाद जो रोए हैं ना सब, फूटकर रोए हैं।
उन्होंने कहा, उस सीन के खत्म होने के बाद वे पूरी तरह टूट गए थे। वह उनके लिए सिर्फ एक्टिंग नहीं थी। वे उस दौर से गुजरे हैं और उन्होंने उन असली घटनाओं के दर्द को महसूस किया है। तभी मुझे एहसास हुआ कि यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि कुछ बहुत खास है।
आर माधवन ने कहा, एक भारतीय होने के नाते उस त्रासदी का जश्न मनाना, जिसने पूरे देश को जख्म दिए थे, किसी भी कलाकार के लिए मानसिक रूप से थका देने वाला होता है। अक्षय और अर्जुन ने अपने किरदारों को इतनी शिद्दत से निभाया कि सेट पर मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। यह इस बात का प्रमाण है कि आदित्य धर ने फिल्म में वास्तविकता को किस गहराई से पिरोया है।
बता दें कि फिल्म 'धुरंधर' में रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर माधवन, अक्षय खन्ना और अर्जुन रामपाल जैसे सितारे अहम किरदार में हैं। इस फिल्म का दूसरा पार्ट 'धुरंधर 2: द रिवेंज' 19 मार्च को रिलीज होने जा रहा है।